Suryakumar Yadav: वानखेड़े में मिस्टर 360 ने बिखेरी चमक, टी20 क्रिकेट में पूरे किए 6000 रन
IPL 2023: पंजाब किग्स के खिलाफ अर्धशतकीय पारी के साथ ही सूर्यकुमार यादव ने टी-20 क्रिकेट में अपने 6000 रन पूरे कर लिए हैं। गेंदों के हिसाब से वह सबसे तेज इस आंकड़े तक पहुंचने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

IPL 2023, Suryakumar Yadav: मुंबई इंडियंस के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को टी20 क्रिकेट में 6000 रन पूरे कर लिए हैं। 32 वर्षीय बल्लेबाज ने वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मैच के दौरान इस उपलब्धि को अपने नाम किया है।
आईपीएल के 16वें सीजन में कुछ असफलताओं के बाद मिस्टर '360' ने पंजाब के खिलाफ 215 रनों का पीछा करने उतरी मुंबई के लिए 26 गेंदों पर 57 रन बनाकर फॉर्म में शानदार वापसी की।
सूर्यकुमार यादव ने 219.23 के स्ट्राइक रेट से की बल्लेबाजी
मुंबई के स्टार बल्लेबाज ने शनिवार (22 अप्रैल) को पंजाब किंग्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में तूफानी अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। सूर्यकुमार ने 26 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 57 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 219.23 के स्ट्राइक रेट से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।
सूर्यकुमार शॉर्ट फॉर्मेट करियर में लगा चुके हैं 38 अर्धशतक
एमआई के बल्लेबाज ने अर्धशतकीय पारी के साथ ही टी-20 क्रिकेट में अपने 6000 रन पूरे कर लिए हैं। सूर्यकुमार ने शॉर्ट फॉर्मेट करियर में तीन शतक और 38 अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें 117 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार के अंतरराष्ट्रीय स्तर के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। उन्होंने 48 मैचों की 46 पारियों में 46.52 के औसत और 175.76 के स्ट्राइक रेट से 1,675 रन बनाए हैं। उन्होंने 117 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ प्रारूप में भारत के लिए तीन शतक और 13 अर्धशतक बनाए हैं। यादव पिछले साल के ICC T20I क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2022 पुरस्कार के विजेता भी रहे हैं।
सूर्यकुमार से तेज इन बल्लेबाजों ने पूरे किए 6 हजार रन
सूर्यकुमार ने अपने आईपीएल करियर में 29.75 के औसत और 137.94 की स्ट्राइक रेट से 2,767 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 82 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 17 अर्धशतक बनाए हैं। मुंबई के साथ उनका 2018 सीजन IPL में उनका सबसे सफल सीजन रहा है। 14 मैचों में उन्होंने 36.57 की औसत और 133.33 की स्ट्राइक रेट से 512 रन बनाए। उन्होंने उस सीजन में 72 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ चार अर्धशतक बनाए थे।
गेंदों के हिसाब से वह सबसे तेज इस आंकड़े तक पहुंचने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। सूर्यकुमार ने 4017 गेंद में अपने 6000 रन बन गए हैं। सूर्यकुमार से तेज आंद्रे रसेल (3550), ग्लेन मैक्सवेल (3890), कीरोन पोलार्ड (3918) और क्रिस गेल (4008) ने टी-20 क्रिकेट में 6 हजार रन पूरे किए थे।
Recommended Video












Click it and Unblock the Notifications