बिजली जैसी रफ्तार और सुपरमैन का अंदाज.. 35 की उम्र में Suresh Raina ने पकड़ा जोरदार कैच
स्पोर्ट्स डेस्क, 29 सितंबर: इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के दो साल बाद भी सुरेश रैना (Suresh Raina) का रुतबा कम नहीं हुआ है। बुधवार को रायपुर के मैदान पर रैना ने ऐसा कुछ किया कि पूरी दुनिया एक बार फिर से उनकी फैन बन गई। दरअसल, रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के सेमीफाइनल मैच में सुरेश रैना ने ऐसा कैच पकड़ा, जिसकी तारीफ पूरे क्रिकेटिंग वर्ल्ड में की जा रही है।
Recommended Video

सेमीफाइनल में रैना का जलवा
बुधवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का पहला सेमीफाइनल इंडिया लीजेंड्स और ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स के बीच खेला जा रहा है। मैच की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के टॉस हारकर बल्लेबाजी करने के साथ हुई। इसी दौरान पारी के 16वें ओवर में सुरेश रैना ने जोरदार कैच पकड़ा, जिसका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सुपरमैन सुरेश रैना
पारी के 16वें ओवर में इंडिया की ओर से अभिमन्यु मिथुन गेंदबाजी कर रहे थे। उनके ओवर की आखिरी गेंद पर बेन डंक ने पॉइंट की दिशा में शॉट खेला। पॉइंट पर रैना फील्डिंग कर रहे थे और गेंद उनसे काफी दूर थी, लेकिन उन्होंने बाईं तरफ हवा में छलांग लगाकर गजब का कैच पकड़ा। कैच लेने के बाद उन्होंने गजब का सेलिब्रेशन भी किया। उन्होंने घुटने पर बैठकर दोनों हाथों को हवा में लहराया। टीम के कप्तान सचिन तेंदुलकर ने भी उन्हें गले से लगाया।

बीच में रुका मैच
ऑस्ट्रेलिया की पारी के 17वें ओवर के बाद मैच को बारिश के कारण रोकना पड़ा। काफी समय तक मुकाबला रुका रहा और बचा हुआ मैच आज वापस खेला जाएगा। कंगारू टीम ने फिलहाल 17 ओवर में 5 विकेट खोकर 136 रन बना लिए हैं। कैमरून व्हाइट (6) और विकेटकीपर ब्रैड हैडिन 1 रन बनाकर नाबाद रहे। इंडिया की ओर से अभिमन्यु मिथुन और युसूफ पठान 2-2 विकेट ले चुके हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
- इंडिया लीजेंड्स- नमन ओझा (विकेटकीपर), सचिन तेंदुलकर (कप्तान), सुरेश रैना, युवराज सिंह, यूसुफ पठान, इरफान पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, राजेश पवार, राहुल शर्मा, मुनाफ पटेल, अभिमन्यु मिथुन।
- ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स- शेन वॉटसन (कप्तान), एलेक्स डूलन, बेन डंक, कैलम फर्ग्यूसन, नाथन रियरडन, कैमरून व्हाइट, ब्रैड हैडिन (विकेटकीपर), ब्राइस मैकगेन, जेसन क्रेजा, डिर्क नानेस, ब्रेट ली।












Click it and Unblock the Notifications