Women T20 चैलेंज: आखिरी ओवर के रोमांच में हारी वेलोसिटी, हरमनप्रीत की सुपरनोवाज ने तीसरी बार जीता खिताब
नई दिल्ली। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पर आयोजित किये गये आखिरी महिला टी20 चैलेंज टूर्नामेंट का फाइनल मैच शनिवार को सुपरनोवाज और वेलोसिटी की टीम के बीच खेला गया, जिसमें हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली सुपरनोवाज की टीम ने दीप्ती शर्मा की वेलोसिटी को 4 रनों से हराकर तीसरी बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। बीसीसीआई ने अगले साल से महिला आईपीएल आयोजित कराने का ऐलान किया है, जिससे पहले यह टूर्नामेंट एक तैयारी के रूप में आयोजित किया जा रहा है जो कि इसका चौथा संस्करण है।

सिर्फ एक हफ्ते के अंदर 3 टीमों के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट का आगाज 2018 में पहली बार पुरुष आईपीएल के नॉकआउट मैचों के बीच किया गया था, जिसके बाद से इस टूर्नामेंट को हर साल ठीक इसी तरह से आयोजित किया जाता है। हालांकि 2021 में कोरोना महामारी के चलते इसका आयोजन नहीं हो सका था, जिसकी वजह से यह टूर्नामेंट अब तक 4 बार खेला जा चुका है।
और पढ़ें: IPL 2022 के फाइनल मैच में लग सकती है रिकॉर्डस की झड़ी, उपलब्धियां हासिल करने की मुकाम पर ये खिलाड़ी

तीसरी बार चैम्पियन बनी सुपरनोवाज
पहले सीजन में सुपरनोवाज और ट्रेलब्लेजर्स की टीम के बीच ही यह मुकाबला खेला गया था जिसमें सुपरनोवाज की टीम ने जीत हासिल कर पहली बार इस खिताब पर कब्जा जमाया था, हालांकि अगले साल से इसमें तीन टीमें खेलती नजर आयी और वेलोसिटी का नाम भी जुड़ गया। 2019 में खेले गये इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच सुपरनोवाज और वेलोसिटी की टीम के बीच खेला गया जिसमें सुपरनोवाज ने फिर से जीत हासिल कर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।
2020 में इस टूर्नामेंट का आयोजन पुरुष आईपीएल के साथ यूएई में किया गया जहां पर ट्रेलब्लेजर्स और सुपरनोवाज की टीम के बीच फाइनल खेला गया, लेकिन इस बार स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली ट्रेलब्लेजर्स ने जीत हासिल कर इस खिताब को सुपरनोवाज से छीन लिया। हालांकि इस सीजन डिफेंडिंग चैम्पियन ट्रेलब्लेजर्स नेट रन रेट के चलते फाइनल में नहीं पहुंच सकी, जिसका फायदा सुपरनोवाज ने उठाया और वेलोसिटी को मात देकर तीसरी बार इस खिताब को अपने नाम किया।

वूल्फार्ट-सिमरन ने कराई वापसी
पुणे के मैदान पर खेले गये इस मैच में सुपरनोवाज की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और डियांड्रा डॉटिन (62) की अर्धशतकीय पारी और हरमनप्रीत कौर (43), प्रिया पुनिया (28) की अहम पारियों के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 165 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में सुपरनोवाज के गेंदबाजों ने वेलोसिटी के बैटर्स को हाथ खोलने का मौका ही नहीं दिया और पावरप्ले में ही 3 विकेट हासिल कर लिये। लॉरा वूल्फार्ट ने 34 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 50 रन पूरे किये और मैच बचाने की कोशिश जरूर की लेकिन सुपरनोवाज के गेंदबाजों ने मैच में वापसी नहीं करने दी। वूल्फार्ट ने 40 गेंदों का सामना कर 5 चौके और 3 छ्क्कों की मदद से नाबाद 65 रनों की पारी खेली।

जानें कैसा था आखिरी 2 ओवर का रोमांच
18वें ओवर के बाद ऐसा लग रहा था कि सुपरनोवाज की टीम आसानी से मैच को अपने नाम कर लेगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। वेलोसिटी की टीम को आखिरी 2 ओवर में जीत के लिये 34 रनों की दरकार थी। 19वें ओवर में सिमरन बहादुर ने मोर्चा संभाला और 4 चौकों की मदद से 17 रन बटोर लिये। वहीं आखिरी ओवर में जब सोफी एक्लेस्टोन गेंदबाजी करने आई तो वूल्फार्ट ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर आंकड़े को 5 गेंद में 11 रन कर दिया। अगली गेंद पर 1 रन आया तो वहीं तीसरी गेंद पर सिमरन बहादुर ने भी एक रन लेकर वूल्फार्ट को स्ट्राइक दे दी। इसके चलते वेलोसिटी को जीत के लिये 3 गेंद में 9 रन की दरकार रह गई। चौथी गेंद पर वूल्फार्ट ने 2 रन लिये और अगली 2 गेंद में 7 रनों की दरकार रह गई। आखिरी गेंद पर जीत के लिये 6 रन की दरकार थी लेकिन सिमरन बहादुर का बल्ला छूट गया और सुपरनोवाज की टीम ने 4 रन से मैच को जीत लिया।

गेंदबाजों के दम पर जीती सुपरनोवाज
सुपरनोवाज के लिये एलाना किंग ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में 32 रन देकर 3 विकेट झटके तो वहीं पर सोफी एक्लेसटोन ने 4 ओवर के स्पेल में 28 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किये। डियांड्रा डॉटिन ने 4 ओवर के स्पेल में एक मेडेन फेंका तो वहीं पर 28 रन देकर दो विकेट अपने नाम किये। पूजा वस्त्राकर ने भी 2 ओवर के स्पेल में 15 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इसके चलते वेलोसिटी की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी और 4 रनों से मैच हार गई।












Click it and Unblock the Notifications