इस भारतीय पेसर ने कर ली है वापसी, गावस्कर ने कहा- वो अब T20 WC में जाने का दावेदार है
नई दिल्ली, 26 फरवरी: ज्यादा दिन नहीं हुए जब भुवनेश्वर कुमार अपनी फॉर्म के चलते टीम इंडिया से बाहर होने की कगार पर बैठे थे। यह अनुभवी गेंदबाज आलोचकों के लिए अपने दिन पूरे कर रहा था कि अचानक उनका पुराना अवतार नजर आने लगा है। भुवी फिर से बढ़िया बॉलिंग करते हुए विपक्षी टीम के लिए मुसीबत साबित होने लगे हैं। टी20 मैचों में वे बेहतर करते जा रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने केवल दो ही विकेट चटकाए थे लेकिन दूसरे टी20 में मैच विजेता ओवर फेंकने में कामयाबी हासिल की थी।

भुवनेश्वर कुमार टीम में जगह पाने के लिए बड़े दावेदार हैं
अब श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में भी भुवी पहले टी20 में कमाल की बॉलिंग करते हुए दिखाई दिए। उन्होंने शुरू के दो विकेट लेकर लंकाई खेमे में खलबली मचा दी। भारत के बल्लेबाजी दिग्गज सुनील गावस्कर का कहना है कि आने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए भुवनेश्वर कुमार टीम में जगह पाने के लिए बड़े दावेदार हैं। गावस्कर का कहना है कि 32 साल का यह खिलाड़ी बुरे दौर को पीछे छोड़कर आगे बढ़ चुका है।

भुवनेश्वर ने फिर से अपनी जगह के लिए मजबूत दावा किया है
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए बताया कि, भुवनेश्वर ने फिर से अपनी जगह के लिए मजबूत दावा किया है। हां, वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में साधारण थे। लेकिन वे अच्छे से वापसी कर चुके हैं। अगर आप प्रतियोगिता को देखेंगे तो किसी को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता। भुवी लंबे समय से सीनियर बॉलर रहे हैं, जब वे थोड़ा भटके तो उनके बारे में सवाल पूछे जाने लगे, उसके बाद उन्होंने खुद को वापस ट्रैक पर ला दिया है।

T20 WC के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी
भुवनेश्वर हाल के दिनों में अपने प्रभावशाली गेंदबाजी प्रदर्शन से प्रभावित करने में सफल रहे हैं, लेकिन उन्हें इस साल के शोपीस इवेंट के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के पहली पसंद के तेज गेंदबाज होने की उम्मीद है, गेंदबाजी ऑलराउंडर दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर भी योजना में हैं। जबकि नई सफेद गेंद सनसनी मोहम्मद सिराज भी सबको टक्कर देंगे।












Click it and Unblock the Notifications