Video: स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने इंटरनेशनल करियर की आखिरी गेंद पर जड़ा शानदार छक्का, फैंस ने भी जमकर लुटाया प्यार
Stuart Broad Retirement: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड (Stuart Broad) ने एशेज सीरीज के बीच संन्यास का ऐलान कर दिया है। तीसरे दिन के खेल के बाद ब्रॉड ने बताया कि यह उनका आखिरी मैच होगा। इस बीच अनुभवी तेज गेंदबाज ब्रॉड ने केनिंग्टन ओवल में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की अंतिम गेंद पर शानदार छक्का लगाकर खेल का समापन किया।
ब्रॉड, पांचवें टेस्ट के तीसरे दिन अंतिम सेशन में बल्लेबाजी करने आए और अपने लंबे समय के गेंदबाजी साथी जेम्स एंडरसन के साथ नाबाद रहे। टॉप और मिडिल ऑर्डर के दमदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के बाद दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड 377 रन की बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में पहुंच गया है।

चौथे दिन दोनों ने 1.5 ओवर खेले और टीम के लिए छह रन जोड़े। ब्रॉड ने ये सभी रन मिचेल स्टार्क की शॉर्ट गेंद पर एक ही हिट से बनाए। अगले ओवर में स्पिनर टॉड मर्फी का सामना करते हुए एंडरसन आउट हो गए। आप नीचे दिए गए वीडियो में ब्रॉड की आखिरी अंतर्राष्ट्रीय डिलीवरी देख सकते हैं, जिसपर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
इंग्लैंड अपनी दूसरी पारी में 395 रन पर ऑलआउट हो गई और ऑस्ट्रेलिया के सामने 384 रन का विशाल लक्ष्य रखा है।ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने पिछले कुछ वर्षों में एशेज क्रिकेट में असाधारण प्रदर्शन के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड की प्रशंसा की और उन्हें सर्वश्रेष्ठ एशेज योद्धा बताया। स्काई स्पोर्ट्स पर बातचीत में पोंटिंग ने कहा कि उन्होंने घर पर लगातार 25 एशेज टेस्ट खेले हैं, जो अपने आप में अविश्वसनीय है।'
स्टुअर्ट ब्रॉड जब रविवार को आखिरी बार विकेट के लिए उतरे तो उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, 37 वर्षीय ब्रॉड अब तक 602 विकेट के साथ टेस्ट इतिहास में पांचवें सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने कहा कि, 'मुझे पूरी जिंदगी एशेज से प्यार रहा है और अपनी आखिरी गेंद फेंकने और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी आखिरी गेंद का सामना करने में सक्षम होने का विचार मुझे खुशी से भर देता है।'












Click it and Unblock the Notifications