रोमांचक मुकाबला, ऐन मौके पर वॉर्नर 99 पर आउट... श्रीलंका ने 30 साल बाद जीती वनडे सीरीज
श्रीलंका ने रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 4 रन से हराकर 5 मैचों की वनडे सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच चौथा मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया

कोलंबो: श्रीलंका ने रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 4 रन से हराकर 5 मैचों की वनडे सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच चौथा मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया, जहां कंगारू टीम के सामने जीत के लिए 259 रन का टारगेट था। एरोन फिंच की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम 254 रन ही बना सकी और मैच हार गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से डेविड वॉर्नर ने सबसे ज्यादा 99 रन बनाए।

30 साल बाद श्रीलंका ने जीती सीरीज
श्रीलंकाई टीम के लिए ये बहुत ही खास जीत है। दरअसल, श्रीलंका ने 30 साल के लंबे इंतजार के बाद अपने घरेलू मैदानों पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज जीती है। लंकाई टीम ने आखिरी बार अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया को 1992 में हराया था। तब 3 मैचों की एकदिवसीय सीरीज श्रीलंका ने 2-1 से जीती थी। वहीं, 2010-11 के बाद ये पहला मौका रहा, जब श्रीलंका ने वनडे सीरीज में कंगारूओं के खिलाफ कोई सीरीज जीती हो। ये जीत वाकई में श्रीलंका और उनके देश के लिए वाकई में बहुत खास है।
याद दिला दें कि, हाल फिलहाल के समय में श्रीलंका आर्थिक परिस्थितियों से परेशान था और उनके देश में काफी बुरे हालात थे। ऐसे में श्रीलंकाई टीम ने अपने देशवासियों को जीत का नायाब तोहफा दिया है।
The crowd goes wild in Colombo as 🇱🇰 beat 🇦🇺 by 4 runs to seal the #AUSvSL series! 🙌🙌🙌 pic.twitter.com/HXmIYmooLc
— Sri Lanka Cricket 🇱🇰 (@OfficialSLC) June 21, 2022

99 पर आउट हुए वॉर्नर
टारगेट का पीछा करते हुए अनुभवी सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया की टीम के टॉप स्कोरर रहे। वह 112 गेंदों पर 99 रन बनाकर स्टंप आउट हुए। वॉर्नर अपने वऩडे करियर में पहली बार 99 के स्कोर पर आउट हुए। उनको धनजंय डी सिल्वा की गेंद पर निरोशष डिकवेला ने स्टंप आउट किया। वॉर्नर के अलावा पैट कमिंस ने (35) और ट्रेविस हेड ने 27 रन बनाए। श्रीलंका के लिए चमिका करुणारत्ने, धनजंय डी सिल्वा और जेफरी वेंडरसे ने 2-2 विकेट लिए।

असलंका ने लगाया शानदार शतक
इससे पहले श्रीलंका ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 258 रन का स्कोर बनाया था। टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल सकी और 49 ओवर में ही ऑल-आउट हो गई। श्रीलंका के लिए चरिथ असलंका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 106 गेंदों पर 110 रन बनाए। उनके वनडे करियर का ये पहला शतक रहा। असलंका के अलावा धनजंय डी सिल्वा ने भी 60 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श और कमिंस ने दो-दो विकेट लिए थे। सीरीज का आखिरी मुकाबला 24 जुलाई को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications