SL vs PAK, Final: छठी बार एशिया कप की चैंपियन बनी श्रीलंका, पाकिस्तान को फाइनल में चटाई धूल
एशिया कप 2022 पर श्रीलंका ने अपना कब्जा जमा लिया है। श्रीलंका ने पाकिस्तान को रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में 23 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
नई दिल्ली, 11 सितंबर। एशिया कप 2022 पर श्रीलंका ने अपना कब्जा जमा लिया है। श्रीलंका ने पाकिस्तान को रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में 23 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। पहले बल्लेबाज और फिर गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने इस जीत को अपने नाम की। 171 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की तरफ से सिर्फ मोहम्मद रिजवान अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की।
वनडे में नंबर वन और टी20 के नंबर 2 बल्लेबाज हैं बाबर आजम, लेकिन एशिया कप में रहे फिसड्डी

छठी बार जीता खिताब
इससे पहले श्रीलंका की टीम 5 बार एशिया कप की खिताब जीतने में कामयाबी हासिल की थी। जबकि पाकिस्तान ने दो बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था। पाकिस्तान के पास रविवार को तीसरी बार एशिया कप जीतने का मौका था, लेकिन वह ऐसा करने में सफल नहीं हो सके और श्रीलंका ने आसानी के साथ ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

147 रनों पर ऑल आउट हुई पाकिस्तान
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 147 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। प्रमोद मदुशन ने श्रीलंका की ओर से सबसे अधिक चार विकेट झटकने में कामयाबी हासिल की। वनिन्दु हसरंगा ने भी टीम के लिए तीन अहम विकेट लिए। पाकिस्तान की ओर से सिर्फ मोहम्मद रिजवान के बल्ले से बड़ी पारी देखने को मिली। उन्होंने 55 रन बनाए।

श्रीलंका ने तीसरी बार फाइनल में पाक को हराया
एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच अब तक टोटल चार बार भिड़ंत हो चुकी है। श्रीलंका की टीम ने 11 सितंबर को तीसरी बार पाकिस्तान को हराने का कारनामा किया। साल 1986 और 2014 के बाद श्रीलंका ने अब साल 2022 में भी पाकिस्तान को पटखनी देने का काम किया है। बता दें कि श्रीलंका की टीम इस टूर्नामेंट की सबसे कमजोर टीम मानी जा रही थी।

श्रीलंका ने बनाए थे 170 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर कुसल मेंडिस गोल्डन डक का शिकार हुए। युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह ने उन्हें बोल्ड किया। इसके बाद चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर श्रीलंका को दूसरा झटका लगा। पथुम निसानका 11 गेंदों पर 8 रन बनाकर कैच आउट हुए। छठे ओवर की पहली गेंद पर श्रीलंका का तीसरा विकेट गिरा। दनुष्का गुणाथिलका 1 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद धनंजया डी सिल्वा ने 28, कप्तान दासुन शनाका ने 2 और वनिन्दु हसरंगा ने 36 रन बनाए। भानुका राजपक्षे 71 और चमिका करुणारत्ने 14 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका ने पाकिस्तान को 171 रन का लक्ष्य दिया था।












Click it and Unblock the Notifications