IPL 2022: 10 गेंदों में 60 रन ठोंक राहुल त्रिपाठी ने बरपाया कहर, KKR को हराकर SRH ने लगाई जीत की हैट्रिक
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन में खराब प्रदर्शन करने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 15वें सीजन में भी लगातार 2 मैचों में हार के साथ जब शुरुआत की तो सबको लगा कि शायद इस टीम ने अभी भी जीत की राह ढूंढी नहीं है, हालांकि सीएसके के खिलाफ जब इस टीम ने जीत की राह पर वापसी की तो अब उसे छोड़ा नहीं है और आईपीएल 2022 के 25वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को हराकर जीत की हैट्रिक लगा दी है। ब्राबोर्न के मैदान पर खेले गये इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पहले गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया तो वहीं बल्लेबाजी में भी दम दिखाते हुए महज 17.5 ओवर्स में 7 विकेट से जीत हासिल की।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उमरान मलिक (2 विकेट), टी नटराजन (3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर कोलकाता को 175 रन पर रोकने में कामयाब रहे। कोलकाता के लिये आंद्रे रसेल ने नाबाद 49 रनों का योगदान दिया तो वहीं पर नितिश राणा ने भी 54 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को बचाया।
और पढ़ें: IPL 2022 के पूरे सीजन से बाहर हुए दीपक चाहर, क्या फिर भी मिलेंगे पूरे 14 करोड़

केकेआर के खिलाफ नहीं चले हैदराबाद के ओपनर्स
जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम की शुरुआत खराब रही और उसने दूसरे ही ओवर में अपने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का विकेट खो दिया। अभिषेक शर्मा ने पिछले 2 मैचों में शानदार पारी खेलकर टीम को जिताने में अहम योगदान दिया था लेकिन इस मैच में कमिंस की गेंद पर बल्ले का किनारा लेकर बोल्ड हो गये। इसके बाद कप्तान केन विलियमसन (17) ने राहुल त्रिपाठी (71) ने पारी को संभालने की कोशिश करते हुए 36 रनों की साझेदारी की लेकिन रसेल ने केन विलियमसन को बोल्ड कर हैदराबाद की टीम को दूसरा झटका दिया।

राहुल त्रिपाठी की आतिशी पारी ने बदला मैच
केन विलियमसन भले ही इस मैच में जल्दी आउट होकर वापस पवेलियन लौट गये हों लेकिन राहुल त्रिपाठी ने महज 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर न सिर्फ अपनी टीम की वापसी कराई बल्कि उस जगह पर ला खड़ा कर दिया जहां से उसकी जीत आसान हो गई। राहुल त्रिपाठी (71) ने एडेन मार्करम (68) के साथ मिलकर अगले 9 ओवर में 94 रनों की साझेदारी कर डाली, जिसकी वजह से हैदराबाद की टीम मैच में काफी आगे पहुंच गई। राहुल त्रिपाठी ने अपनी पारी में 37 गेंदों का सामना कर 71 रनों की पारी खेली, जिसमें से 60 रन उन्होंने महज 10 गेंद (6 छक्के, 4 चौके) पर बनाये और बाकी की 27 गेंदों पर 11 रन बनाकर अपनी समझदारी का परिचय भी दिया।

मार्करम ने भी ठोंका ताबड़तोड़ अर्धशतक
आंद्रे रसेल ने राहुल त्रिपाठी का विकेट चटकाया जिसके बाद केकेआर फैन्स को उम्मीद थी कि शायद अब उनकी टीम वापसी करने में कामयाब हो जायेगी, हालांकि एडेन मार्करम ने ताबड़तोड़ शॉट लगाकर न सिर्फ अपना अर्धशतक पूरा किया बल्कि अपनी टीम को भी 17.5 ओवर्स में ही जीत दिला दी। एडेन मार्करम ने आईपीएल 2022 का दूसरा अर्धशतक पूरा किया और कोलकाता के खिलाफ 36 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 68 रनों की पारी खेली और हैदराबाद को लगतार तीसरे मैच में विजयी करार दिया।

अंकतालिका में भी हैदराबाद ने लगाई छलांग
इस जीत के साथ ही हैदराबाद की टीम ने भी प्वाइंटस टेबल में छलांग लगाई है, जिसने 5 मैचों में 3 जीत हासिल कर टॉप 5 टीमों की तरह 6 अंक बटोर लिये हैं। 17.5 ओवर्स में जीत हासिल करने की वजह से हैदराबाद के नेट रन रेट में भी सुधार देखने को मिला जिसकी वजह से वो 9वें नंबर से 7वें पायदान पर पहुंच गई है। अंकतालिका में गुजरात टाइटंस (8 अंक) को छोड़ दिया जाये तो अन्य 6 टीमों के पास 6-6 अंक ही हैं लेकिन नेट रन रेट के चलते पायदान में ऊपर नीचे जगह दी गई है। वहीं 4 अंकोंं के साथ दिल्ली 8वें, 2 के साथ सीएसके 9वें और मुंबई की टीम सबसे निचले पायदान पर काबिज है।












Click it and Unblock the Notifications