INDW vs SAW: 824 दिनों के बाद स्मृति मंधाना ने जड़ा शतक, टूटा हरमनप्रीत कौर का ये बड़ा रिकॉर्ड
INDW vs SAW, Smriti Mandhana Century: साउथ अफ्रीका की महिला टीम मौजूदा समय में भारतीय दौरे पर है। भारत में साउथ अफ्रीका की टीम को तीन वनडे एक टेस्ट और तीन टी-20 मुकाबले खेलने हैं। 3 वनडे मैचों की सीरीज की शुरुआत 16 जून यानी रविवार से हो चुकी है। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट को कर 265 रन बनाए।
स्मृति मंधाना ने जड़ा शतक
भारत की तरफ से इस मुकाबले में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शतकीय पारी खेली। स्मृति मंधाना के बल्ले से 116 गेंद पर वनडे करियर का छठा और ओवरऑल अंतरराष्ट्रीय करियर का सातवां शतक निकला। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम की बल्लेबाजी एक समय संघर्ष कर रही थी। भारत ने महज 99 के स्कोर पर ही 5 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन स्मृति मंधाना ने एक छोर से टीम को संभाले रखा। मंधाना ने 824 दिनों के बाद वनडे में शतक लगाने में कामयाबी हासिल की है।

भारत ने बनाए 265 रन
स्मृति मंधाना ने अपनी इस पारी में 127 गेंद पर 12 चौके और एक छक्के लगाने का काम किया। उन्होंने 117 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 92.3 का रहा। मंधाना की बदौलत भारतीय टीम 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 265 रन बनाने में सफल रही। इस शतक के साथ ही स्मृति मंधाना ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
कप्तान हरमनप्रीत कौर को छोड़ा पीछे
दरअसल, भारतीय महिला टीम की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में स्मृति मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ दिया है। हरमनप्रीत के नाम वनडे में कुल 5 शतक हैं। जबकि स्मृति मंधाना ने अपने करियर का छठा शतक जड़ दिया है। वहीं इस लिस्ट में सबसे ऊपर भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज का नाम है। मिताली राज ने अपने वनडे करियर के दौरान कुल सात शतक लगाए थे।
स्मृति मंधाना ने इस मुकाबले में शतकीय पारी खेलकर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल स्मृति तीनों फॉर्मेट में मिलाकर 7000 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया है। इसी के साथ वह भारतीय महिला क्रिकेट में मिताली राज के बाद ऐसा करने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications