IND vs AUS: शुभमन गिल के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज, विराट कोहली के क्लब में हुई एंट्री
IND vs AUS: पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया को बारिश से प्रभावित मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 136/9 का स्कोर हासिल किया था। इसके बाद DLS नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया की टीम को 131 रनों का लक्ष्य चेज करने को मिला। इसे कंगारुओं ने 3 विकेट पर हासिल कर लिया। मुकाबला 26-26 ओवर का कर दिया गया था।
शुभमन गिल पहली बार एकदिवसीय क्रिकेट में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे थे और हार के साथ उनके साथ एक ऐसा रिकॉर्ड जुड़ गया है, जो अच्छा नहीं कहा जा सकता है। हालांकि इस अनचाहे कीर्तिमान में शुभमन गिल के साथ विराट कोहली जैसे दिग्गज का नाम भी शामिल है।

IND vs AUS: शुभमन गिल के नाम अनचाहा रिकॉर्ड
इस हार के साथ गिल भारत के ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिनकी कप्तानी में तीनों प्रारूप में भारत को पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। टेस्ट और टी20 में उनकी कप्तानी में पराजय मिली थी और अब वनडे में भी पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा है। विराट कोहली की कप्तानी में भी ऐसा ही हुआ था।
शुभमन गिल ने टी20 में भारत के लिए ज़िम्बाब्वे के खिलाफ कप्तानी की थी और वहां हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज के लिए इस साल इंग्लैंड का दौरा किया था, वहां भी पहले मैच में हार हुई और अब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एकदिवसीय क्रिकेट में पहले मैच में पराजय का सामना करना पड़ा है।
IND vs AUS: इस साल भारत की पहली हार
इस साल एकदिवसीय क्रिकेट में टीम इंडिया की यह पहली हार है। इससे पहले चैम्पियंस ट्रॉफी में खेले गए सभी मैचों को जीतकर भारतीय टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की थी। लगातार आठ मैचों में जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम को अब अपने नौवें वनडे में हार का सामना करना पड़ा है।
पर्थ एकदिवसीय मुकाबले में टीम इंडिया की खराब बैटिंग देखने को मिली। केएल राहुल ने सर्वाधिक 38 रनों की पारी खेली। अन्य सभी बल्लेबाज फ्लॉप हो गए। इस वजह से 26 ओवर में भारत का स्कोर 9 विकेट पर 136 रनों तक ही पहुँच पाया और ऑस्ट्रेलिया ने आसान जीत दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications