'थोड़ी देर और होती तो जान जा सकती थी', ICU में भर्ती हुए श्रेयस अय्यर, डॉक्टरों ने दी चौंकाने वाली जानकारी
Shreyas Iyer Admitted To ICU: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज और वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर को गंभीर चोट के कारण अन्य खिलाड़ियों के साथ भारत वापस नहीं भेजा गया है। उन्हें सिडनी के एक अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती कराया गया है।
श्रेयस अय्यर की चोट की स्थिति गंभीर (Shreyas Iyer Admitted To ICU)
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस अय्यर की चोट की स्थिति काफी गंभीर है और अगर उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता नहीं मिलती तो यह जानलेवा हो सकती थी। ऐसे में थोड़ी देर होती तो अय्यर की जान जा सकती थी। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि टेस्ट रिपोर्ट्स में श्रेयस अय्यर को आंतरिक रक्तस्राव (Internal Bleeding) का पता चला है। इसी कारण उन्हें पिछले कुछ दिनों से ICU में रखा गया है।

कुछ दिनों से ICU में भर्ती हैं अय्यर
एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि श्रेयस पिछले कुछ दिनों से ICU में हैं। रिपोर्ट आने के बाद आंतरिक रक्तस्राव का पता चला और उन्हें तुरंत भर्ती करना पड़ा। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उन्हें दो से सात दिन तक निगरानी में रखा जाएगा, यह उनकी रिकवरी पर निर्भर करेगा। सूत्र ने चोट के बारे में कुछ डरावनी बातें भी शेयर किए हैं।
डॉक्टर और फिजियो ने नहीं लिया कोई जोखिम
सूत्र के मुताबिक ड्रेसिंग रूम में अय्यर के वाइटल्स ऊपर-नीचे हो रहे थे। टीम के डॉक्टर और फिजियो ने कोई जोखिम नहीं लिया और उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। सूत्र ने कहा कि चीजें अब स्थिर हैं, लेकिन यह जानलेवा हो सकता था। वह एक मजबूत लड़का है और जल्द ही ठीक हो जाएगा। अय्यर को भारत लौटने की अनुमति मिलने से पहले उनकी रिकवरी की प्रगति के आधार पर उन्हें लगभग एक सप्ताह तक अस्पताल में रहना पड़ सकता है।
कैसे लगी चोट?
श्रेयस अय्यर को यह चोट ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स कैरी का कैच लेने के दौरान लगी थी। वह गेंद के पीछे पीछे की ओर दौड़ रहे थे और कैच पूरा करने के बाद फिसल गए, जिससे उनकी पसली के पिंजरे पर दर्दनाक चोट लगी। इस गंभीर चोट के चलते श्रेयस अय्यर के 30 नवंबर से शुरू होने वाली दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज में खेलने पर भी बड़े संदेह पैदा हो गए हैं। उनके क्रिकेट एक्शन में कब वापसी होगी, इस बारे में अभी कोई स्पष्टता नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications