शोएब अख्तर बोले- भारत में होगा आखिरी 50 ओवर का विश्वकप, बच्चों के साथ आना चाहता हूं
Shoaib Akhtar ODI world Cup 2023: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज और रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से लोकप्रिय शोएब अख्तर का मानना है कि 50 ओवर का वर्ल्ड कप अब खत्म होने वाला है। उन्होंने कहा कि 2023 में भारत में आखिरी 50 ओवर का विश्वकप होने जा रहा है। इसके बाद 50 ओवर का विश्वकप खत्म हो जाएगा। इसके बाद मुझे नहीं लगता है कि आने वाले समय में ये विश्वकप होगा। वनडे खत्म हो जाएगा, आखिर कौन बैठेगा 100 ओवर, कौन इसपर पैसे लगाएगा। दुनिया को अब टी20 की आदत पड़ गई है।
Recommended Video

खूबसूरत विश्वकप होने जा रहा
शोएब अख्तर ने कहा कि भारत में 60-70 दिनों का मेला सजने जा रहा है। अल्लाह करें कि आप हम लोगों के वीजा को खोल दें ताकि हम सारे दिल्ली आ जाएं और साथ बैठकर मैच देखें, आप के साथ बैठकर बात करें। अगले साल भारत में एक खूबसूरत विश्वकप होने जा रहा है। पाकिस्तान को इस बात पर ध्यान देना है कि भारत में जाकर विश्वकप उठाएं। हमारे खिलाड़ियों को बड़ा सोचना चाहिए। बेन स्टोक्स को 2016 के विश्वकप में बड़ी मार पड़ी थी, उन्होंने विश्वकप हरवा दिया था, लेकिन 2022 में उन्होंने वह इज्जत वापस कमाई है। भारत के पास भी वह मौका है, भारत को भी वह कोशिश करनी चाहिए।

भारत-पाक का फाइनल चाहते हैं कि अख्तर
शोएब अख्तर ने कहा कि मैं चाहता हूं भारत और पाकिस्तान के बीच अगले साल के विश्वकप का फाइनल मुकाबला हो। शोएब अख्तर ने कहा कि काश मुंबई में भारत-पाकिस्तान के बीच विश्वकप का फाइनल हो और पाकिस्तान विश्वकप जीते। शोएब ने कहा कि पाकिस्तान और भारत को यहां हराना गोरों के बस की बात नहीं है। जो कोई हमे हरा सकता है वह भारत, बांग्लादेश पाकिस्तान ही आपस में हैं। यहां स्पिन ट्रैक है, यहां इतना आसान नहीं होगा विश्वकप।

बच्चों के साथ देखना चाहते हैं
अगला 50 ओवर का विश्वकप आखिरी होने वाला है, इसे मैं अपने बच्चों के साथ देखा चाहता हूं। अपने बच्चों को भारत दिखाउंगा, बताउंगा कि भारत में कितने अच्छे लोग हैं, यहां कितने लिबरल लोग हैं, कितने सेक्युलर लोग यहां रहते हैं। शोएब अख्तर ने कहा कि मैं अपने बच्चों को दिल्ली से लेकर मुंबई तक घुमाउंगा। उन्हें बताने की कोशिश करूंगा कि क्रिकेट सब कॉन्टिनेंट के लिए क्या है। मेरे बच्चे छोटे हैं, उन्होंने क्रिकेट नहीं देखा है।

टीम इंडिया को दी सलाह
शोएब ने कहा कि भारत के लिए मैं कहना चाहता हूं कि उन्हें कंफ्यूज सेलेक्शन नहीं करना चाहिए। उन्हें अपनी चौधराहट खत्म करनी चाहिए। बीसीसीआई को यह स्पष्ट तौर पर लिस्ट बनाए कि ये हमारे फाइनल 11 हैं, ये हमारे 10 रिजर्व हैं, ये आने वाले खिलाड़ी हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए आईपीएल से किसी को उठाएं और विश्वकप लेकर चले जाएं। यह तय होना चाहिए कि ये हमारे मुख्य गेंदबाज हैं, अगर ये अनफिट होते हैं तो उन्हें लेना है।












Click it and Unblock the Notifications