शोएब अख्तर ने दिया चौंकाने वाला बयान, कहा बाबर जड़ेंगे कोहली से ज्यादा शतक
शोएब अख्तर ने बाबर आजम के शतकों की संख्या विराट कोहली से ज्यादा होने का दावा कर दिया, यह हैरान करने वाली बात है।

Shoaib Akhtar on Babar Azam and Virat Kohli: पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर अक्सर अपनी बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं। भारत और यहां के खिलाड़ियों को लेकर अख्तर कई बार अपनी प्रतिक्रिया देते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। अख्तर ने विराट कोहली और बाबर आज़म के बीच तुलना को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। शोएब अख्तर का कहना है कि बाबर आजम आने वाले समय में विराट कोहली को शतकों के मामले में पीछे छोड़ देंगे। इस तरह के बयान वह कई बार दे चुके हैं।
स्पोर्ट्स यारी से बातचीत में अख्तर ने कहा कि कोहली अच्छे बल्लेबाज हैं लेकिन बाबर आज़म कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि टी20 प्रारूप में बाबर आज़म फ़िलहाल अपने स्ट्राइक रेट पर काम कर रहे हैं। वह विराट कोहली से भी ज्यादा शतकीय पारियां इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने वाले हैं। अख्तर का यह बयान कुछ हैरान करने वाला दिखता है। हालांकि उन्होंने विराट कोहली को भगवान भी कहा है।
कई बार शोएब अख्तर यह भी कह चुके हैं कि कोहली को छोटे प्रारूप को अब छोड़ देना चाहिए। कोहली को ज्यादा ध्यान टेस्ट और एकदिवसीय क्रिकेट पर ही देना चाहिए। इसके अलावा उनका यह भी कहना है कि कोहली अपने करियर के अंत तक सचिन तेंदुलकर के शतकों से आगे निकल जाएंगे और उनकी संख्या 110 होगी। अख्तर के अनुसार कोहली एक ऊर्जावान क्रिकेटर हैं।
हालांकि फिलहाल विराट कोहली और बाबर आज़म के बीच किसी तरह की तुलना नहीं हो सकती है। कोहली ने 108 टेस्ट मैचों में 28 शतकीय पारियां खेली हैं। इसके अलावा वनडे क्रिकेट में उनके नाम 274 एकदिवसीय मैचों में 46 शतकीय पारियां हैं। बाबर आज़म इस मामले में कोहली से काफी पीछे हैं। उन्होंने 47 टेस्ट मैचों में कल 9 शतकीय पारियां खेली हैं। एकदिवसीय क्रिकेट में बाबर आज़म के नाम 17 शतक हैं और सबसे छोटे प्रारूप में वह दो शतक जड़ने में कामयाब रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications