'अगर मेरे साथ खेलते तो 50 शतक भी नहीं लगा पाते', अख्तर ने विराट कोहली को लेकर दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में दो पीढ़ियों के दिग्गजों के बीच मुकाबले देखने का सपना हर फैन देखता है। हर फैन सोचता है कि क्या होता अगर सचिन तेंदुलकर को जसप्रीत बुमराह के सामने खेलना पड़ता या फिर अगर विराट कोहली के सामने शोएब अख्तर गेंदबाजी करते तो क्या होता। खैर ज्यादातर सपनों का सच होना तो मुश्किल है पर 12 साल पहले दांबुला के मैदान पर एक ऐसा मौका आया था जहां पर फैन्स को विराट कोहली बनाम शोएब अख्तर का मुकाबला देखने को मिल सकता था, हालांकि सईद अजमल की गेंद ने फैन्स के इस सपने को खत्म कर दिया था।

2010 के एशिया कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच दांबुला के मैदान पर खेले गये इस मैच में फैन्स को भले ही यह टक्कर देखने को नहीं मिली ती लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान ने 5 साल पहले एक यूट्यूब शो ब्रेकफास्ट विद चैम्पियन में साफ किया था कि अगर ऐसा होता तो क्या हो सकता था।
और पढ़ें: T20 WC की टीम में पंत के रहते कैसे फिट हो सकते हैं दिनेश कार्तिक, पूर्व कीवी दिग्गज ने सुझाया रास्ता

अख्तर को लेकर कोहली ने कही थी बड़ी बात
टीवी प्रजेंटेटर गौरव कपूर के यूट्यूब शो ब्रेकफास्ट विद चैम्पियन में बात करते हुए विराट कोहली ने कहा था कि मैंने कभी भी शोएब अख्तर का सामना नहीं किया लेकिन दांबुला के मैदान पर जब हम पाकिस्तान के खिलाफ खेले थे तो मैंने उन्हें गेंद करते हुए देखा था। मैं आउट हो गया था तो मैं उनका सामना नहीं कर पाया था, लेकिन जब मैंने उन्हें गेंदबाजी करते हुए देखा तो समझ आया कि वो अपने करियर के आखिरी दिनों में भी बेहद खतरनाक नजर आ रहे थे। उस वक्त मुझे एहसास हुआ कि कोई भी बल्लेबाज उन्हें उस वक्त बिल्कुल नहीं खेलना चाहता होगा जब वो अपने करियर के सबसे अच्छे पड़ाव पर रहे होंगे।

अगर मेरे साथ खेलते तो 50 शतक भी नहीं लगा पाते
विराट कोहली के इस बयान पर पाकिस्तान के पूर्व पेसर ने 5 साल बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है। स्पोर्टसकीड़ा के साथ आईपीएल 2022 पर चर्चा के दौरान जब अख्तर को इस बारे बताया गया तो उन्होंने दावा किया कि अगर कोहली ने उनका सामना किया होता तो वो करियर में कभी भी 70 अंतर्राष्ट्रीय शतक तक नहीं पहुंच पाते।
उन्होंने कहा,'विराट कोहली काफी अच्छे इंसान और बड़े क्रिकेटर हैं, ऐसे में आप बड़े खिलाड़ियों से ही ऐसी बड़ी बातें सुनने की उम्मीद कर सकते हैं और मैं इसके लिये उनका शुक्रिया अदा करता हूं। लेकिन यह सच है कि अगर मैं विराट कोहली के खिलाफ खेला होता तो वो कभी भी इतने रन नहीं बना सके होते जितने वो बना चुके हैं। हालांकि जितने बनाये होते वो बहुत शानदार होते। वो शायद 50 शतक भी नहीं लगा पाते लेकिन 20 या 25 जो भी शतक लगाते वो काफी बड़े शतक होते।'

मैं कोहली का बेस्ट निकलवाता
शोएब अख्तर ने आगे बात करते हुए कहा कि मेरे साथ खेलने पर विराट कोहली को हर रन के लिये लड़ाई लड़नी पड़ती और उस दौरान लगाया गया शतक बड़ा खास महसूस होता। मैं विराट कोहली से उनका बेस्ट बाहर निकलवाता। गौरतलब है कि मौजूदा समय में विराट कोहली के खाते में 23650 अंतर्राष्ट्रीय रन हैं, जो उन्होंने 458 मैचों के दौरान बनाये हैं। विराट कोहली ने इस दौरान 70 शतक और 122 अर्धशतक लगाने का कारनामा किया है। वह फिलहाल दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 7वें जबकि भारत में सचिन तेंदुलकर (34357 रन) और राहुल द्रविड़ (24208 रन) के बाद तीसरे नंबर पर काबिज खिलाड़ी हैं।












Click it and Unblock the Notifications