गब्बर की तूफानी बैटिंग से आई कयामत, चौके-छक्कों की बारिश कर दिलाई टीम को जीत
लीजेंड 90 लीग में धमाका लगातार जारी है, चौथे दिन का पहला मैच जहां दिल्ली रॉयल्स ने रॉयल अंदाज में जीता, तो दूसरे मैच में दुबई जाइंट्स ने भी गुजरात को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। रविवार को दो मुकाबले खेले गए।
पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बिग बॉयज की टीम दिल्ली रॉयल्स की गेंदबाजी के आगे पूरी तरह से फ्लॉप नजर आई, हालांकि नमन शर्मा (37) और अमरदीप सोनकर (32) ने महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को 100 के पार जरूर पहुंचाया, लेकिन बाकी किसी खिलाड़ी से साथ न मिलने के कारण उनकी टीम निर्धारित 15 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 115 रन ही बना सकी।

116 रनों का पीछा करने उतरी दिल्ली रॉयल्स ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखते हुए पहले विकेट के लिए 97 रन जोड़े। जिसमें शिखर धवन ने पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 23 गेंदों पर नाबाद 50 रन, तो उनका साथ निभाने आए सिमन्स ने भी 29 गेंदों पर ताबड़तोड़ 57 रन बनाए।
उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल थे। छक्के के साथ फिफ्टी पूरे करने और टीम की जीत तय करने के लिए शिखर धवन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बात गेंदबाजों की जाए तो दिल्ली का खेमा पूरी तरह से लय में दिखा, अनुरीत सिंह ने दो विकेट झटके तो परविंदर अवाना, लखविंदर सिंह, बिपुल शर्मा और राजविंदर सिंह के खाते में भी एक-एक विकेट आया।
दूसरे मुकाबले में दुबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और यह सही साबित हुआ। बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और पहले ही ओवर में इशूरू उडाना ने कैमरून डेलपोर्ट को शून्य के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। जिसके बाद चिराग गांधी नाबाद (48) और थिसारा परेरा (42) ने टीम को संभालते हुए चार विकेट के नुकसान पर 137 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन दुबई के लिहाज से शायद यह कम रह गया।
रनों का पीछा करने उतरी दुबई आज अलग ही अंदाज में नजर आई। दुबई के सलामी बल्लेबाज और कप्तान रिचर्ड लेवी ने 200 के स्ट्राइक रेट से 34 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। जिसके बाद किथुरुआन विथांगे (26) और ब्रैंडन टेलर ने 25 गेंदों में 47 रन बनाकर 7 विकेट से इस मुकाबले को जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications