अफगानिस्तानी क्रिकेटर के दिमाग में जानलेवा बीमारी, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, डॉक्टर कर रहे बचाने का प्रयास
अफगानिस्तान क्रिकेट के सबसे चहेते तेज गेंदबाजों में से एक शापूर जादरान इस वक्त एक ऐसी लड़ाई लड़ रहे हैं जहां प्रतिद्वंद्वी कोई बल्लेबाज नहीं बल्कि एक दुर्लभ और जानलेवा बीमारी है। 38 वर्षीय यह दिग्गज गेंदबाज नई दिल्ली के एक अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती है।
ESPNcricinfo से बात करते हुए उनके छोटे भाई, घमई जादरान ने इस दुखद स्थिति का खुलासा किया और बताया कि शपूर 'हेमोफैगोसिटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस' (HLH) नामक एक अत्यंत गंभीर स्थिति से जूझ रहे हैं।

शापूर की स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका इलाज इस साल जनवरी से ही चल रहा है। उनके भाई ने जानकारी साझा की कि यह एक बहुत ही गंभीर संक्रमण था जिसने उनके पूरे शरीर को अपनी चपेट में ले लिया। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि उन्हें टीबी (तपेदिक) की भी शिकायत थी और एमआरआई व सीटी स्कैन की रिपोर्ट के अनुसार, यह संक्रमण उनके मस्तिष्क तक भी फैल चुका है। यह खबर सामने आते ही पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों के बीच चिंता की लहर दौड़ गई है।
क्या है HLH बीमारी?
चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, HLH एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली यानी इम्यून सिस्टम अनियंत्रित और अत्यधिक सक्रिय हो जाता है। सामान्यतः इम्यून सिस्टम हमें बीमारियों से बचाता है, लेकिन इस बीमारी में यह इतना खतरनाक हो जाता है कि शरीर के अपने ही स्वस्थ अंगों पर हमला करने लगता है। इसके कारण लिवर, बोन मैरो और प्लीहा (Spleen) जैसे महत्वपूर्ण अंगों में गंभीर सूजन आ जाती है और वे काम करना बंद कर सकते हैं। हालांकि यह बीमारी ज्यादातर बच्चों में देखी जाती है, लेकिन वयस्कों में इसका होना स्थिति को और भी चुनौतीपूर्ण बना देता है।
ठीक होकर फिर से अस्पताल में भर्ती
इलाज की प्रक्रिया के दौरान शापूर के स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिले हैं। उनके भाई ने बताया कि बीच में एक समय ऐसा भी आया था जब शपूर काफी बेहतर महसूस कर रहे थे और करीब 20 दिनों तक सब कुछ ठीक लग रहा था, लेकिन संक्रमण ने एक बार फिर वापसी की और उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह संघर्ष न केवल शापूर के लिए बल्कि उनके परिवार के लिए भी भावनात्मक रूप से बेहद थका देने वाला साबित हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications