वेस्टइंडीज के किसी खिलाड़ी को पहली बार मिला प्लेयर ऑफ़ द मन्थ अवॉर्ड, जानें कौन है वो धांसू क्रिकेटर
ICC Player of the month: आईसीसी ने जब से क्रिकेटर ऑफ़ द मन्थ अवॉर्ड शुरू किया है, उसे किसी वेस्टइंडियन खिलाड़ी ने नहीं जीता था। अब वह इंतजार भी समाप्त हो गया और पहली बार वेस्टइंडीज के किसी खिलाड़ी को आईसीसी प्लेयर ऑफ़ द मन्थ का अवॉर्ड मिला है।
पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया में तबाही मचाने वाले गेंदबाज को यह अवॉर्ड दिया गया है। आईसीसी ने शमर जोसेफ को पिछले महीने का बेस्ट खिलाड़ी घोषित किया है। जोसेफ ने गाबा में वेस्टइंडीज को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी और डेब्यू सीरीज में ही वह चमक गए थे।

शमर जोसेफ के लिए यह अवॉर्ड जीत पाना आसान कार्य नहीं था। उनके साथ इसे पाने के लिए दौड़ में दो और नाम भी थे। इंग्लैंड के ओली पोप ने भारत में पहले टेस्ट के दौरान 196 रन बनाए थे। वह इसमें थे और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड का नाम भी लिस्ट में था। दोनों को पछाड़ते हुए जोसेफ ने अवॉर्ड अपने नाम कर लिया।
पहली बार खेलने के लिए मैदान पर आए जोसेफ ने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। उन्होंने ब्रिस्बेन के गाबा में नाटकीय अंदाज में वेस्टइंडीज को जीत दिला दी थी। डे-नाईट टेस्ट मैच की दूसरी पारी में जोसेफ ने कुल 7 विकेट अपने नाम करते हुए 27 सालों बाद अपनी टीम को ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट में जीत दिलाई।
खास बात तो यह भी है कि गाबा में धमाका करने से पहले जोसेफ को बैटिंग के दौरान जोरदार चोट लगी थी। मिचेल स्टार्क की एक गेंद उनके पांच के अंगूठे में आकर लगी थी और वह दर्द से कराह उठे थे। उनको उसी समय मैदान छोड़कर जाना पड़ा था और आँखों से आंसू निकल आए थे। इसके बाद वह वापस आए और गेंदबाजी में तहलका मचा दिया। उनकी स्पीड 150 किलोमीटर प्रति घंटे की से भी ज्यादा थी। जोसेफ क्रिकेट में आने से पहले सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। उस संघर्ष के बाद वह इंटरनेशनल क्रिकेट में आकर छा गए।
ऑस्ट्रेलिया में धाकड़ प्रदर्शन का फल उनको आईपीएल में सलेक्शन से मिला है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने शमर जोसेफ को 3 करोड़ रुपये के साथ अपनी टीम में शामिल किया है।












Click it and Unblock the Notifications