IND vs PAK: पाकिस्तान को बड़ा झटका, चोटिल हुआ एक और गेंदबाज, भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा मैच
एशिया कप 2022 में सभी की निगाहें रविवार को होने वाले भारत और पाकिस्तान मैच पर टिकी हुई हैं। 4 सितंबर को होने वाले इस मुकाबले का इंतजार फैंस बेसब्री के साथ कर रहे हैं।
नई दिल्ली, 3 सितंबर। एशिया कप 2022 में सभी की निगाहें रविवार को होने वाले भारत और पाकिस्तान मैच पर टिकी हुई हैं। 4 सितंबर को होने वाले इस मुकाबले का इंतजार फैंस बेसब्री के साथ कर रहे हैं। इससे पहले पिछले रविवार यानी कि 28 अगस्त को भारत और पाकिस्तान की टीम आमने-सामने हुई थी, जहां भारत ने शानदार अंदाज में जीत हासिल करते हुए टूर्नामेंट की शुरुआत करने में कामयाब रही।

मैच से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका
भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले पाकिस्तान की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और मोहम्मद वसीम के चोटिल होने के कारण एशिया कप से बाहर होने के बाद पाकिस्तान का एक और तेज गेंदबाज चोटिल हो गया है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहनवाज दहानी चोट के कारण भारत के खिलाफ मैच से बाहर हो गए हैं।

हसन अली को मिल सकता है मौका
हांगकांग के खिलाफ मैच में गेंदबाजी के दौरान शाहनवाज दहानी चोटिल हो गए थे। पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मेडिकल टीम अगले 48-72 घंटों तक गेंदबाज की देख-रेख करेगा, जिसके बाद ही एशिया कप के आने वाले मुकाबलों में उनके खेलने को लेकर फैसला लिया जाएगा। शाहनवाज दहानी के बाहर होने के बाद अब भारत के खिलाफ हसन अली को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।

भारत के खिलाफ जड़े थे दो छक्के
पाकिस्तान सुपर लीग 2021 में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचने वाले शाहनवाज दहानी ने भारत के खिलाफ 28 अगस्त को अच्छा स्पैल डाला था। 2 वनडे और 4 टी-20 इंटरनेशनल में दहानी के नाम कुल 4 विकेट हैं, लेकिन उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट टीम भविष्य में और बेहतर करते हुए देखना चाहती है। भारत के खिलाफ गेंद के अलावा बल्ले से भी दहानी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था। उन्होंने 6 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से 16 रन बनाए थे।












Click it and Unblock the Notifications