IND vs SA: संजू सैमसन ने सेट किया अगला टारगेट, दूसरे ODI में नहीं करना चाहेंगे ये 'गलती'
Sanju Samson ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वन डे इंटरनेशनल मुकाबले में खेली गई अपनी शानदार पारी के बारे में बात की है और कहा है कि वह इस खेल में योगदान करके खुश है। संजू सैमसन ने India vs South Africa ODI में एक ऐसी पारी खेली जिसने दक्षिण अफ्रीका को मैच के अंतिम क्षणों में काफी हद तक धकेलकर रखा लेकिन अफ्रीकी टीम 9 रनों से यह मुकाबला जीतने में कामयाब रही। (फोटो- Sanju Samson ट्विटर)

भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहला वनडे
संजू ने 40 ओवर में 250 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 67 गेंदों पर 86 रनों की पारी खेली जिसमें 9 चौके व तीन छक्के लगाए गए। उन्होंने पहले श्रेयस अय्यर के साथ एक अच्छी साझेदारी की और फिर ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर के साथ निचले क्रम पर दूसरी अहम साझेदारी की। लेकिन यह सब प्रयास नाकाफी साबित हुए क्योंकि रनों की दरकार बहुत ज्यादा थी और आखिरी ओवर में जीत के लिए 30 रन चाहिए थे। संजू ने तबरेज शम्सी के इस ओवर में लगातार रन बनाना जारी रखा और भारत की उम्मीदों को जिंदा रखने की कोशिश की लेकिन अंत में भारत ने अपने आप को 9 रनों से कम पाया।

संजू सैमसन ने सेट किया अगला टारगेट
मैच के बाद बात करते हुए एनडीटीवी के अनुसार संजू सैमसन ने कहा, बीच में आकर कुछ समय बिताना बेहतर है। हालांकि वे चाहेंगे कि अगली बार टीम को जीत की दहलीज पार करा दें लेकिन फिलहाल इस मैच में जो योगदान दिया उससे भी संतुष्ट हैं। साथ ही वे और भी मेहनत करेंगे ताकि आगे जाकर वह 'गलती' ना हो जो इस मैच में हुई।
संजू ने कहा- "बीच में आकर कुछ रन बनाना हमेशा अच्छा होता है और हम अपनी टीम को हमेशा जिताने के लिए खेलते हैं। मैंने 2 शॉट मिस कर दिए। अगली बार मैं और भी ज्यादा हार्ड वर्क करूंगा। लेकिन मैं अपने योगदान से संतुष्ट हूं।
"उनके गेंदबाजों ने अच्छी बॉलिंग की। तबरेज शम्सी आज थोड़े महंगे साबित हुए तो हमने सोचा कि उनको टारगेट कर सकते हैं। हम जानते थे कि वे अंतिम ओवर फेंकने वाले हैं। मुझे पता था कि अगर मुझे अंतिम ओवर में 24 रन की दरकार है तो मैं 4 छक्के लगा सकता हूं। मैं इस खेल को डीप में ले जा रहा था। केवल यही हमारा प्लान था और बल्लेबाजों ने उसके हिसाब से रेस्पॉन्ड भी किया है।"

'डेविड मिलर दुनिया के बेस्ट फिनिशर हैं'
इसके अलावा संजू सैमसन ने डेविड मिलर की भी तारीफ की और बताया कि वह दुनिया के सबसे बेहतरीन फिनिशर इस समय बन चुके हैं।
सैमसन कहते हैं कि, हमने कुछ सुधार की चीजें देखी है लेकिन हमें यह भी देखना होगा कि हम किन बल्लेबाजों को गेंदबाजी कर रहे हैं। मुझे लगता है इस समय डेविड मिलर दुनिया के बेस्ट फिनिशर है। उनके खिलाफ गेंदबाजी करना बहुत ही चुनौतीपूर्ण है।

भारतीय झंडा तिरंगा कैप्शन में पोस्ट किया
संजू ने जिन खिलाड़ियों के साथ मिलकर इस मैच में भूमिका निभाई उनके साथ अपनी फोटो ट्विटर पर शेयर भी की है जहां एक फ्रेम में श्रेयस अय्यर और दूसरे में टीम के अन्य साथियों के साथ शार्दुल ठाकुर को देख
सकते हैं। संजू ने भारतीय झंडा तिरंगा कैप्शन में पोस्ट किया है।
संजू का वनडे करियर अभी बहुत लंबा नहीं है। उन्होंने 27 साल की उम्र में केवल 8 ही एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं जबकि उनके अंदर बेशुमार प्रतिभा है।

धीरे-धीरे उभरता हुआ वनडे करियर
हालांकि इन 8 मैचों में उन्होंने प्रभावित किया है और 65.5 के औसत व 110.55 के स्ट्राइक रेट से 2 अर्धशतक लगाते हुए 262 रन बनाए हैं। उनको भारत ने अपनी T20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में नहीं रखा है जिसके चलते बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट टीम मैनेजमेंट की काफी आलोचना हुई थी लेकिन जिस तरीके की फॉर्म सैमसन दिखा रहे हैं उसको देखते हुए वे ओडीआई के साथ-साथ T20 फॉर्मेट में भी टीम इंडिया का नियमित हिस्सा बनने की ओर हैं। भारतीय क्रिकेट टीम अपना अगला मुकाबला 9 अक्टूबर को खेलेगी।
ये भी पढ़ें- वेस्टइंडीज के धाकड़ खिलाड़ी की फ्लाइट छूटी, बोर्ड ने कर दी वर्ल्ड कप टीम से छुट्टी, फैंस हैरान












Click it and Unblock the Notifications