IND vs SA: संजू सैमसन ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, भारतीय टीम ने एक ही मैच में तोड़े कई कीर्तिमान
India vs South Africa: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहांसबर्ग टी20 मैच में टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने शतक जड़े। दोनों ने मिलकर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को बौना साबित कर दिया। छक्कों की झड़ी देखने को मिली और कई कीर्तिमान भी ध्वस्त हो गए।
संजू सैमसन ने इस सीरीज में दूसरी बार सैकड़ा जमाया है। तिलक वर्मा ने लगातार दूसरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया। सैमसन का टी20 इंटरनेशनल में यह तीसरा शतक है और तीनों शतक इसी साल आए हैं। एक कैलंडर में तीन शतक जड़ने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं।

सबसे बड़ी साझेदारी
सैमसन और तिलक वर्मा ने नाबाद 210 रनों की भागीदारी की, भारत के लिए किसी भी विकेट की यह सर्वाधिक भागीदारी है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी किसी भी विकेट की सबसे बड़ी भागीदारी है। टी20 में दूसरे विकेट या इससे नीचे यह सबसे बड़ी भागीदारी है। किसी भी टीम ने पहले ऐसा नहीं किया।
सैमसन के शतकों का कारनामा
संजू सैमसन एक कैलेंडर वर्ष में तीन शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाज बन गए। दो शतक यहाँ आए हैं और एक बांग्लादेश के खिलाफ इस साल भारत में आया था। भारत के लिए टी20 में पहली बार (टेस्ट मेम्बर देश से) दो शतक एक मैच में लगे। भारत के लिए रोहित शर्मा और सूर्या के बाद सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल शतकों के मामले में सैमसन तीसरे स्थान पर हैं। एक सीरीज में दो शतक बनाने का रिकॉर्ड फिल साल्ट के नाम था। सैमसन और तिलक भी लिस्ट में आ गए। सीरीज में भारत की तरफ से चार शतक लगे, यह भी पहली बार हुआ।
छक्कों और स्कार का नया कीर्तिमान
जोहांसबर्ग में किसी भी टीम का यह सर्वाधिक स्कोर है। विदेशी धरती पर भी भारत का (283) यह सबसे बड़ा स्कोर है। इसके अलावा किसी भी टीम का यह अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है, वेस्टइंडीज ने 258 रन 2023 में बनाए थे। भारतीय टीम ने एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों के मामले में अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। टीम इंडिया अब 23 छक्के जड़ने वाली पहली टीम बन गई है।
सबसे तेज शतकों की लिस्ट में तिलक
तिलक वर्मा भारत के उन प्लेयर्स में शामिल हुए हैं जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक जड़ा है। रोहित शर्मा ने 35 और संजू सैमसन ने 40 गेंदों में सैकड़ा जमाया था। तिलक ने 41 गेंदों में शतक जड़कर इस खास लिस्ट में जगह बना ली।












Click it and Unblock the Notifications