टीम इंडिया की जीत के सबसे बड़े हीरो बने Sanju Samson, बल्ले से फेल होने के बाद भी किया करिश्मा
सीरीज के पहले ही मैच में टीम इंडिया ने रोमांचक अंदाज में विंडीज को 3 रन से हराया।
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 23: शुक्रवार से भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का जोरदार आगाज हो गया है। सीरीज के पहले ही मैच में टीम इंडिया ने रोमांचक अंदाज में विंडीज को 3 रन से हराया। वेस्टइंडीज के सामने 309 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 6 विकेट पर 305 रन ही बना सकी और मैच हार गई। यूं तो भारत की जीत में कप्तान शिखर धवन ने बल्ले और मोहम्मद सिराज ने गेंद से अपना जलवा बिखेरा, लेकिन इसके बाद भी जीत के सबसे बड़े हीरो संजू सैमसन (Sanju Samson) रहे।
ये भी पढ़ें- 'जो कोच ने बोला, वो टीम ने करके दिखाया', हार के बाद निकोलस पूरन के बयान ने जीता सबका दिल

कमाल कर दिया सैमसन
संजू सैमसन मैच में बल्ले से फ्लॉप होने के बाद सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। हर कोई उनकी तारीफ करते नहीं थक रहा है। ऐसा हो भी क्यों न संजू ने काम ही कुछ ऐसा किया है। दरअसल, विंडीज को आखिरी ओवर में 15 रन बनाने थे और गेंद मोहम्मद सिराज के पास थी। ओवर की शुरुआती चार गेंदों पर सिराज ने 7 रन खर्च कर दिए। अब आखिरी दो गेंदों पर वेस्टइंडीज को जीत के लिए 8 रन का जरूरत थी। सिराज ने अगली गेंद लेग साइड में बड़ी वाइड फेंकी। वह बल्लेबाज का पीछा करना चाहते थे, जो क्रीज से हटकर शॉट लगाना चाहता था, लेकिन इस चक्कर में सिराज वाइड डाल बैठे।

संजू ने लगाई कमाल की डाइव
सिराज ने इतनी बड़ी वाइड फेंकी थी कि विकेटकीपर संजू सैमसन को लंबी डाइव लगाकर इसे रोकना पड़ा। संजू ने इस गेंद को रोकने के लिए पूरी जान लगा दी। अगर वह इस गेंद को नहीं रोक पाते, तो वाइड के साथ-साथ वेस्टइंडीज को 4 रन और मिल जाते और भारत मैच हार सकता था, लेकिन सैमसन के बेहतरीन प्रयास ने टीम को हार और सिराज को बदनामी से बचा लिया। सैमसन के गेंद को रोकने के बाद मोहम्मद सिराज ने भी मुस्कुराते हुए उनके ताली बजाई।

आकाश चोपड़ा ने भी किया ट्वीट
पूर्व भारतीय टेस्ट ओपनर और जाने माने कमंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी संजू सैमसन की जमकर तारीफ की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ''संजू सैमसन का गेंद को रोकना इस मैच का सबसे बड़ा अंतर था, वह 100% बाउंड्री थी और वेस्टइंडीज वहां से मैच जीत सकता था।''
आकाश के अलावा सोशल मीडिया पर हर कोई सैमसन की जमकर तारीफ कर रहा है। मैच में उन्होंने इसके अलावा शानदार बल्लेबाजी कर रहे कैरेबियाई ओपनर काइल मेयर्स (75) का भी लाजवाब कैच पकड़ा था।
Sanju Samson's stop was the difference in the end. 100% boundary. And that would've been Game Windies.
— Aakash Chopra (@cricketaakash) July 22, 2022

बल्ले से नहीं कर पाए प्रभावित
संजू सैमसन को ईशान किशन की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। संजू पांचवें नंबर पर बैटिंग के लिए आए और 18 गेंदों में केवल 12 रन बनाकर रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर LBW आउट हो गए। 27 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। मौजूदा सीरीज के दूसरे मैच में टीम इंडिया और फैंस को संजू से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।

3 रन से जीता भारत
मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 308 रन का स्कोर बनाया। कप्तान शिखर धवन (97) टॉप स्कोरर रहे, जबकि ओपनर शुभमन गिल (64) और उप-कप्तान श्रेयस अय्यर ने 54 रन का योगदान दिया। मेजबान टीम 309 रन के जवाब में 6 विकेट पर 305 का स्कोर ही बना सकी और मैच हार गई। धवन को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। सीरीज का दूसरा मुकाबला 24 जुलाई को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications