'जो कोच ने बोला, वो टीम ने करके दिखाया', हार के बाद निकोलस पूरन के बयान ने जीता सबका दिल
वेस्टइंडीज की हार के बाद टीम के कप्तान निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) का बयान काफी पसंद किया जा रहा है।
स्पोर्ट्स डेस्क, जुलाई 23: शिखर धवन की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच देर रात खेले गए पहले मुकाबला में टीम इंडिया ने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर विंडीज के खिलाफ 3 रन मिली रोमांचक जीत दर्ज की। मेजबान टीम के सामने 309 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में वो 6 विकेट पर 305 का स्कोर ही बना सकी और मैच गंवा दिया। वेस्टइंडीज की हार के बाद टीम के कप्तान निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) का बयान काफी पसंद किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- अगस्त में टीम इंडिया का जिम्बाब्वे दौरा कंफर्म, KL Rahul को बनाया जा सकता है कप्तान

हारकर भी जीत गई वेस्टइंडीज
दरअसल, पोस्ट मैच सेरेमनी में जब पूरन से मैच को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आज हारकर भी जीतने जैसा महसूस हो रहा है। पूरन ने कहा, ''हारकर भी जीतने जैसा महसूस हो रहा है, क्योंकि हम पूरे 50 ओवर खेलने में सफल रहे। हम लगातार ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं। आशा करता हूं कि वक्त के साथ हम और बेहतर होते जाएंगे। फिलहाल हमारी नजरें अभी पूरी सीरीज पर है।''

कोच ने कहा था खेलने होंगे 50 ओवर
वनडे सीरीज शुरू होने से पहले कैरेबियाई कोच फिल सिमंस ने अपने बयान में कहा था कि, ''अहम बात यह है कि हम पूरे 50 ओवर तक कैसे बल्लेबाजी करते हैं। हमें पारी संवारकर और साझेदारी निभाकर पूरे 50 ओवर तक बल्लेबाजी करनी होगी।'' उन्होंने कहा, ''किसी को क्रीज पर टिककर पारी संवारनी होगी और शतक जड़ने पर ध्यान देना होगा। बल्लेबाजी में हमें ऐसा करना ही होगा।''
वाकई में सिमंस ने जो कहा, वो टीम ने पहले ही मुकाबले में कर दिखाया। बता दें कि भारत के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से ठीक पहले बांग्लादेश ने विंडीज को 3 मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 3-0 से हराया था, जिसके बाद टीम की काफी आलोचना हुई थी।

गेंदबाजों ने किया अच्छा काम
एक समय भारत का स्कोर 35 ओवर तक 225/2 था, लेकिन इसके बाद वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने कसी हुई बॉलिंग करते हुए मेहमान टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। इसको लेकर पूरन ने कहा, ''हां हम गेंदबाजों को श्रेय दे सकते हैं कि हमने अंत में बहुत अच्छी गेंदबाजी की और भारत को ज्यादा बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया। अल्जारी जोसेफ और अन्य गेंदबाजों को इसका श्रेय जाता है। हमने मैच में अच्छी फील्डिंग के साथ-साथ अंत के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी भी की। हमें एक दूसरे पर भरोसा करना होगा। हम चुनौतियों के लिए तैयार हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि हमारी टीम एक सही रास्ते पर जा रही है।''

सिराज की गेंद पर आउट हुए पूरन
मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन 26 गेंदों में 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनका विकेट तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के खाते में आया। विंडीज की ओर से ओपनर काइल मेयर्स ने सबसे ज्यादा 68 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली। उनके अलावा ब्रेंडन किंग ने भी 54 रनों का योगदान दिया। वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 24 जुलाई को पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications