संजू सैमसन की अनदेखी पर भड़के दानिश कनेरिया, कहा- अंबाती रायडू की तरह करियर हो रहा है खत्म
पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने संजू सैमसन की अनदेखी पर नाराजगी जाहिर की है और बीसीसीआई की आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि संजू का करियर बिल्कुल अंबाती रायडू की तरह खत्म हो रहा है।
टीम इंडिया में संजू सैमसन की लगातार हो रही अनदेखी को लेकर पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने बीसीसीआई और चयन समिति की आलोचना की है। दानिश कनेरिया ने कहा है कि संजू सैमसन के साथ इंडियन क्रिकेट वैसा ही व्यवहार कर रहा है, जैसे कुछ सालों पहले अंबाती रायडू के साथ किया गया था। आखिरकार रायडू ने थककर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। बता दें कि रायडू ने 2019 विश्व कप की टीम में सेलेक्शन नहीं होने के बाद ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। दानिश कनेरिया ने आशंका जताई है कि कहीं संजू का करियर भी ऐसे ही खराब न हो जाए।

2019 वर्ल्ड कप में रायडू का नहीं हुआ था चयन
दानिश कनेरिया ने कहा है कि 2019 विश्व कप के दौरान अंबाती रायडू का टीम में चयन तय माना जा रहा था। उस वक्त उनके फॉर्म को देखते हुए चार नंबर के लिए उनका चयन तय था, लेकिन चयन समिति ने रायडू की जगह विजय शंकर को टीम में प्राथमिकता दी थी। उसके बाद निराशा में डूबे अंबाती रायडू ने बीसीसीआई को खत लिखकर संन्यास की घोषणा कर दी थी। उन्होंने अपने सेलेक्शन नहीं होने और विजय शंकर को टीम में चुने जाने को लेकर तंज भी कसा था।

कनेरिया ने की संजू की तारीफ
दानिश कनेरिया ने संजू सैमसन की तारीफ करते हुए कहा है कि वह बल्लेबाज कमाल की बैटिंग करता है तो फिर उसे टीम में मौका क्यों नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, "एक खिलाड़ी कितना सहन कर सकता है? वह पहले से ही बहुत कुछ सहन करता है और जहां भी मौका मिलता है स्कोर करता है। हम एक अच्छे खिलाड़ी को खो सकते हैं क्योंकि उसे टीम में चयन और गैर-चयन की यातना का सामना करना पड़ता है। कनेरिया ने कहा कि अंबाती रायुडू का करियर भी इसी तरह खत्म हुआ था। उन्होंने खूब रन बनाए, लेकिन उन्हें टीम में मौके नहीं मिले।

बीसीसीआई के अंदर चल रही है राजनीति- कनेरिया
दानिश कनेरिया ने बीसीसीआई पर आरोप लगाते हुए कहा है कि बोर्ड के अंदर राजनीति चल रही है और इसी आंतरिक राजनीति के चलते ही संजू को मौका नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'अंबाती रायुडू का करियर भी इसी तरह खत्म हुआ था और अब संजू सैमसन के साथ भी ऐसा व्यवहार हो रहा है। वजह है बीसीसीआई और चयन समिति की आंतरिक-राजनीति। क्या खिलाड़ियों को लेकर भी पसंद या नापसंद होती है?












Click it and Unblock the Notifications