'वही माहौल बनाने की कोशिश कर रहा हूं जो...,' अर्जुन के क्रिकेट करियर पर खुलकर बोले सचिन तेंदुलकर
सचिन तेंदुलकर ने अपने बेटे अर्जुन तेंदुलकर के बारे में बात करते हुए माता-पिता से अपने बच्चों को आवश्यक स्वतंत्रता और ध्यान देने का आग्रह किया है। सचिन ने कहा कि, 'जब आप खुद की तारीफ करेंगे तो लोग आपकी तारीफ करेंगे।'

Sport News: आईपीएल 2023 में अर्जुन तेंदुलकर की शुरूआत ठीक ठाक रही थी। उन्होंने अपने डेब्यू मैच में एक विकेट भी चटकाया, लेकिन सीजन के 31वें मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने जमकर रन लुटाए, जोकि उनके करियर के लिए ठीक नहीं था। इस बीच भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को प्रण लिया कि वह अपने बेटे अर्जुन के लिए वही माहौल तैयार करेंगे जो बचपन के दिनों में उनके लिए बनाया गया था और उन्होंने उन्हें अपने खेल पर ध्यान देने की सलाह दी।
सचिन ने अपने करियर में परिवार की भूमिका का किया जिक्र
सचिन के बड़े भाई अजीत तेंदुलकर ने अपने शुरुआती क्रिकेट के वर्षों में एक बड़ी भूमिका निभाई। तेंदुलकर ने कहा कि, 'मुझे अपने परिवार से समर्थन मिला। अजीत तेंदुलकर (भाई) ने मेरे क्रिकेट करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नितिन तेंदुलकर (भाई) ने मेरे जन्मदिन पर मेरे लिए पेंटिंग बनाई। मेरी मां एलआईसी में कार्यरत थीं, जबकि मेरे पिता प्रोफेसर थे। उन्होंने मुझे क्रिकेट खेलने की आजादी दी। मैं अन्य माता-पिता से भी अपने बच्चों को आजादी देने का आग्रह करता हूं।'
दरअसल, सचिन तेंदुलकर ने एक किताब 'स्किन्टिलेटिंग सचिन' (Scintillating Sachin) के विमोचन के मौके पर सपोर्टिंग एनवायरनमेंट के मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि, 'मैं वही माहौल बनाने की कोशिश कर रहा हूं जो मेरे लिए बनाया गया था। जब आप खुद की तारीफ करेंगे तो लोग आपकी तारीफ करेंगे। अपने खेल पर ध्यान दो जैसे मेरे पिता कहा करते थे और अब मैं अर्जुन से कह रहा हूं।'
सचिन ने कहा, 'जब मैंने खेल से संन्यास लिया तो मीडिया ने मेरा सम्मान किया। उस समय मैंने मीडिया से अनुरोध किया था कि अर्जुन को आवश्यक स्थान दें और उसे क्रिकेट से प्यार करने दें। पत्रकारों ने उन्हें आजादी दी, इसके लिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं।' दरअसल, अर्जुन तेंदुलकर का मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में पदार्पण करना, आईपीएल इतिहास में एक टीम के लिए खेलने वाली एकमात्र पिता-पुत्र जोड़ी बन गई।
उन्होंने सर्जरी से रोकने में अपनी पत्नी की अहम भूमिका के बारे में भी बताया, सचिन ने कहा कि, 'ऑस्ट्रिया दौरे के दौरान, मुझे इतनी चोटें लगी थीं कि मैंने दोनों पैरों की सर्जरी कराने का फैसला किया। लेकिन, अंजलि ऑस्ट्रेलिया आ गईं और उस सर्जरी को रद्द कर दिया। मैं चोटों के कारण बहुत निराश था लेकिन अंजलि ने मेरा ख्याल रखा।'












Click it and Unblock the Notifications