बस नंबर 315 को देखकर भावुक हुए सचिन तेंदुलकर, सुनाई ट्रेनिंग के दिनों की कहानी
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी महेनत और खेल के प्रति जुनून के चलते जो हासिल किया वो किसी भी क्रिकेटर के लिये हासिल करना बड़े सपने से कम नहीं है। सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिये 22 साल से ज्यादा समय तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेला और बल्लेबाजी के लगभग हर आंकड़े को अपने नाम कर लिया। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर ने जितनी सफलता हासिल की है उसके चलते वो आने वाली कई पीढ़ियों के लिये आदर्श रहने वाले हैं।

हालांकि सचिन के आदर्श होने का कारण सिर्फ उनकी सफलता नहीं है बल्कि वहां तक पहुंचने के लिये की गई मेहनत और संघर्ष भी है। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद पिछले कुछ सालों में सचिन तेंदुलकर के सफर को लेकर कई डॉक्यूमेंट्री और फिल्में बनाई जा चुकी हैं, लेकिन जब खुद क्रिकेट के भगवान उन दिनों के बारे में बताते हैं तो इसके बारे में सुनना अलग होता है।
और पढ़ें: 'अगर करनी है वापसी तो IPL में बनाने होंगे 600-700 रन', आकाश चोपड़ा ने सीनियर बल्लेबाज को दी हिदायत

बस नंबर 315 देखकर याद आये पुराने दिन
शुक्रवार को सचिन तेंदुलकर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों के बारे में बताया है कि कैसे उनके क्रिकेट की कला को सीखने के दिनों में उनका दिन रहा करता था। इस वीडियो में सचिन तेंदुलकर मुंबई की बेस्ट बस नंबर 315 के साथ खड़े नजर आ रहे हैं, जिसमें बैठकर वो अपने शुरुआती दिनों में शिवाजी पार्क अभ्यास करने जाया करते थे। उल्लेखनीय है कि शिवाजी पार्क में सचिन तेंदुलकर के कोच रमाकांत आचरेकर की अकाडमी है जहां पर वो क्रिकेट सीखने जाया करते थे।

सचिन ने सुनाई बस नंबर 315 की कहानी
वीडियो में सचिन ने कहा,'कई सालों के बाद मैंने बस नंबर 315 देखी, यह बस बांद्रा से शिवाजी पार्क के बीच सफर करती है। मैं शुरुआती दिनों में इसी नंबर की बस से सफर किया करता था और अपनी प्रैक्टिस के लिये शिवाजी पार्क पहुंचने को उत्साहित रहता था। अभ्यास के बाद जब मैं थक जाता था और वापस घर जाता था तो उम्मीद करता था कि बस में मेरी पसंदीदा सीट (सबसे पीछे की खिड़की वाली सीट) मुझे मिल जाये, ताकि मैं वहां पर बैठ कर खिड़की से आती हुई ठंडी-ठंडी हवा का मजा ले सकूं।'
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
सचिन तेंदुलकर ने आगे बात करते हुए कहा कि कई बार जब मुझे मेरी पसंदीदा सीट मिल जाती थी तो मैं बैठे-बैठे सो जाता था और अपने स्टॉप से आगे निकल जाता था, लेकिन मेरे लिये वो सफर ज्यादा बेहतर था। सचिन तेंदुलकर का अपने पुराने दिनों को याद करता हुआ यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैन्स इसे बहुत पसंद कर रहे हैं।

शानदार रहा है सचिन का करियर
गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में संन्यास लिया था तो वहीं पर वह इकलौते क्रिकेटर हैं जिन्होंने 100 अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाने का कारनामा किया है। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के दौरान 6 वनडे विश्वकप में शिरकत की और छठे विश्वकप में जाकर अपने होमटाउन में फाइनल जीता।












Click it and Unblock the Notifications