वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले ODI में धवन के साथ कौन करेगा ओपनिंग? वसीम जाफर ने दिया इस प्लेयर का नाम
नई दिल्ली, जुलाई 21। टीम इंडिया कल से वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज करेगी। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला पोर्ट ऑफ स्पेन में क्वीस लैंड पार्क में खेला जाएगा। वनडे सीरीज में रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋषभ पंत और बुमराह को आराम दिया गया है। टीम के कप्तान शिखर धवन हैं। ऐसे में प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चा होना शुरू हो गई है। सबसे बड़ी चर्चा जो रही है वो यह है कि शिखर धवन के साथ कल के मैच में ओपनिंग कौन करेगा? ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ का नाम सबसे आगे है। ऐसे में भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी वसीम जाफर ने गायकवाड़ के नाम की सलाह दी है।

वसीम जाफर ने दी गायकवाड़ के नाम की सलाह
एक ट्विटर पोस्ट के जरिए वसीम जाफर ने कहा है कि मेरा यह मानना है कि ऋतुराज गायकवाड़ को वनडे में डेब्यू का मौका मिलना चाहिए और वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में उन्हें शिखर धवन के साथ ओपनिंग कराई जानी चाहिए। वसीम जाफर ने बताया है कि ऋतुराज ने विजय हजारे ट्रॉफी की 5 पारियों में से 4 में शतक ठोके थे। ऐसे में उन्हें मौका मिलना चाहिए। क्रीज पर लेफ्ट-राइट का कॉम्बिनेशन भी रहेगा।
धवन के साथ ओपनिंग के यह खिलाड़ी हैं विकल्प
आपको बता दें कि वनडे सीरीज में रोहित शर्मा को आराम दिए जाने के बाद शिखर धवन के साथ ओपनिंग करने के लिए ईशान किशन, शुभमन गिल और ऋतुराज गायकवाड़ का नाम विकल्प के तौर पर है। इन तीन खिलाड़ियों में से ही कोई धवन के साथ पारी की शुरुआत करेगा। ऋतुराज गायकवाड़ अभी तक अपना वनडे डेब्यू नहीं कर पाए हैं। हालांकि धवन के साथ कौन खिलाड़ी पारी की शुरुआत करेगा इस बारे में जानकारी तो टॉस के बाद ही पता चलेगी।












Click it and Unblock the Notifications