टीम इंडिया से ड्रॉप होने के बाद Ruturaj Gaikwad ने रचा इतिहास, शतक जड़ तोड़ डाला 22 साल पुराना रिकॉर्ड
Vijay Hazare Trophy, Ruturaj Gaikwad: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने एक बार फिर अपने बल्ले से कोहराम मचा दिया है। विजय हजारे ट्रॉफी (VHT) में महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए गायकवाड़ ने गोवा के खिलाफ अपने लिस्ट-ए करियर का 20वां शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। इस शानदार पारी के साथ ही उन्होंने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के सर्वकालिक रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है।
ऋतुराज गायकवाड़ ने खेली नाबाद 134 रनों की पारी (Vijay Hazare Trophy, Ruturaj Gaikwad)
ऋतुराज गायकवाड़ की यह पारी किसी चमत्कार से कम नहीं थी। जब महाराष्ट्र की टीम ने महज 2 रन पर 3 विकेट खो दिए थे, तब गायकवाड़ ने नंबर 5 पर आकर मोर्चा संभाला। उन्होंने 131 गेंदों में नाबाद 134 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे। विजय हजारे ट्रॉफी में 15वां शतक जड़कर उन्होंने बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम की।

टूट गया 22 साल पुराना रिकॉर्ड
ऋतुराज गायकवाड़ ने केवल 59 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि उनके साथी खिलाड़ी अंकित बावने को यहां तक पहुंचने में 94 पारियां लगीं। कम से कम 50 पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों में गायकवाड़ का लिस्ट-ए औसत अब 58.83 हो गया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज माइकल बेवन (57.86) को भी पीछे छोड़ दिया है। गायकवाड़ ने लिस्ट-ए क्रिकेट में अपने 20 शतक सिर्फ 95 पारियों में पूरे किए हैं, जो एक नया कीर्तिमान है। माइकल बेवन ने साल 2004 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया था अब 22 साल बाद उनका रिकॉर्ड टूटा है।
टीम इंडिया से बाहर होने पर उठे सवाल
इतने शानदार फॉर्म के बावजूद ऋतुराज गायकवाड़ को 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। हाल ही में रायपुर में अपना पहला वनडे शतक लगाने के बावजूद चयनकर्ताओं ने उन पर श्रेयस अय्यर को प्राथमिकता दी है। इस फैसले पर क्रिकेट जगत में काफी चर्चा हो रही है। भारतीय स्पिन दिग्गज आर. अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर गायकवाड़ का समर्थन करते हुए कहा कि ऋतुराज का स्पिन के खिलाफ खेल और पारी को फिनिश करने की क्षमता अद्भुत है। क्या उन्हें टीम में नहीं रखा जा सकता था? उनके और ऋषभ पंत के बीच सीधा फैसला हो सकता था।












Click it and Unblock the Notifications