RSAW vs INDW: क्रिकेट की नई 'क्वीन' बनीं हरमनप्रीत कौर? सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ रच दिया इतिहास
RSAW vs INDW, Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 में इतिहास रच दिया। लेकिन टीम को मिली करारी हार ने आने वाली टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खतरे की घंटी बजा दी है। हरमनप्रीत अब महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास (RSAW vs INDW, Harmanpreet Kaur)
हरमनप्रीत कौर ने जोहान्सबर्ग में 38 गेंदों में 66 रनों की कमान संभाली। इस पारी के दौरान उन्होंने श्रीलंका की दिग्गज चमारी अटापट्टू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हरमनप्रीत के नाम अब बतौर कप्तान टी20 में 3017 रन हो गए हैं। अटापट्टू (3016 रन) अब दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग (2619 रन) तीसरे और इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स चौथे स्थान पर हैं।

टीम इंडिया को मिली हार
रिकॉर्ड के बावजूद टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर नहीं है। 192 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भी भारत यह मैच 9 विकेट से हार गया। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 115 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर भारतीय गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं। पांच मैचों की सीरीज में भारत अब 0-3 से पीछे है और सीरीज गंवा चुका है।
दो महीने बाद होगा वर्ल्ड कप
टी-20 वर्ल्ड कप में दो महीने से भी कम समय बचा है। रेणुका सिंह ठाकुर अपनी लय खोती नजर आ रही हैं। वहीं अनुभवी दीप्ति शर्मा काफी महंगी साबित हुई हैं। एकमात्र श्रेयंका पाटिल ही अब तक प्रभावित कर सकी हैं। शेफाली वर्मा (64 रन) और हरमनप्रीत ने तो अच्छा किया, लेकिन स्मृति मंधाना जैसी सीनियर खिलाड़ी को अपनी लय तलाशनी होगी।












Click it and Unblock the Notifications