IND vs WI: सिर्फ 11 रन बनाकर Rohit Sharma ने तोड़ा कोहली का विराट रिकॉर्ड
मैच में कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) चोटिल होने के चलते केवल 11 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। लेकिन मैदान से बाहर जाने से पहले उन्होंने विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
स्पोर्ट्स डेस्क, 3 अगस्त: मंगलवार देर रात भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 मुकाबले में 7 विकेट से हराया। टीम इंडिया के सामने 165 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने एक ओवर शेष रहते केवल 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। मैच में कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) चोटिल होने के चलते केवल 11 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। लेकिन मैदान से बाहर जाने से पहले उन्होंने विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- CWG 2022 LIVE: भारतीय बैडमिंटन टीम जीता सिल्वर, वेटलिफ्टिंग में विकास को भी मिला रजत पदक

बाहर जाने से पहले रचा इतिहास
भारतीय पारी के दूसरे ओवर में रोहित शर्मा इंजर्ड हो गए और उन्हें तुरंत मैदान छोड़कर ड्रेसिंग रूम की ओर जाना पड़ा। बीसीसीआई ने ट्वीट कर बताया कि पीठ में जकड़न की वजह से रोहित रिटायर्ड हर्ट हुए। चोटिल होने से पहले रोहित 5 गेंदों में 11 रन बना चुके थे और इसी दौरान उन्होंने पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

सिक्सर किंग बने हिटमैन
दरअसल, रोहित शर्मा बतौर T20I कप्तान भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। तीसरे मैच में उन्होंने एक छक्का लगाया और कोहली के विराट रिकॉर्ड से आगे निकल गए। इस मैच से पहले विराट और रोहित ने बतौर T20I कप्तान 59-59 छक्के लगाए थे, लेकिन अब इस रेस में हिटमैन 60 छक्कों के साथ आगे निकल गए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर वर्ल्ड चैंपियन कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी का आता है। धोनी ने बतौर कप्तान T20I में कुल 34 छक्के लगाए थे।

बतौर कप्तान 1100 से ज्यादा रन
35 वर्षीय रोहित शर्मा बतौर T20I कप्तान टीम इंडिया की ओर से अभी तक 34 मुकाबलों में 36.39 की शानदार औसत के साथ कुल 1128 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 8 अर्धशतक और दो शतक भी देखने को मिले। विराट कोहली ने बतौर कप्तान भारत के लिए इस फॉर्मट में सबसे ज्यादा 1570 रन बनाए हैं, जबकि एमएस धोनी के बल्ले से 1112 रन देखने को मिले।
बतौर T20I कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड पिछले साल अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप जीताने वाले एरोन फिंच (1971) के नाम पर दर्ज है।

अगले मैच तक फिट हो जाएंगे रोहित
भारत की जीत के बाद रोहित शर्मा ने अपनी इंजरी को लेकर एक बड़ी अपडेट दी। पोस्ट सेरेमनी में भारतीय कप्तान ने कहा, ''फिलहाल मैं ठीक हूं। अगले मैच में समय है तो पूरी उम्मीद है कि तब तक मैं पूरी तरह से फिट हो जाऊंगा।'' हिटमैन के इस बयान से वाकई में फैंस और टीम मैनेजमेंट ने राहत की सांस ली होगी।
सीरीज का चौथा टी20 मैच शनिवार, 6 अगस्त को फ्लोरिडा में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications