Asia Cup 2023: एशिया कप से बाहर पर वर्ल्ड कप में हो सकती है एंट्री, इन खिलाड़ियों पर रोहित की नजर
Asia Cup 2023, Rohit Sharma News: अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति ने सोमवार को एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टूर्नामेंट के लिए 17 सदस्यीय वाली टीम का ऐलान किया गया है। इसके अलावा एक बैकअप विकेटकीपर बल्लेबाज भी टीम में रखा गया है। कुछ भारतीय खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो एशिया कप के लिए टीम में अपनी जगह नहीं बना पाये।
आर अश्विन-चहल को नहीं मिला मौका: भारतीय टीम के लिए लंबे समय से वनडे मैचों में कमाल का प्रदर्शन करने वाले युजवेंद्र चहल को इस टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है। इसके अलावा आर अश्विन भी भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने में नाकाम रहे। अश्विन और चहल के बाहर होने के बाद कप्तान रोहित शर्मा से प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन दोनों ही खिलाड़ियों को लेकर सवाल भी किए गए।

सुंदर को भी नहीं मिला चांस: लंबे समय से चोट के कारण टीम से बाहर रहने वाले वॉशिंगटन सुंदर को एशिया कप की टीम में जगह नहीं मिली है। वॉशिंगटन सुंदर ने आयरलैंड दौरे के जरिए टीम में वापसी की है। वॉशिंगटन सुंदर टीम में गेंद और बल्ले दोनों से ही अहम भूमिका निभाने में सक्षम हैं। भारत ने एशिया कप के लिए रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है।
रोहित ने कही यह बात: कप्तान रोहित शर्मा और अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन खिलाड़ियों के नहीं चुने जाने को लेकर कहा कि वह इन तीनों के ही प्रदर्शन पर नजर बनाए हुए हैं। रोहित शर्मा ने कहा कि विश्व कप के लिए रवि अश्विन, युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर सहित किसी के लिए दरवाजे बंद नहीं हैं। इन खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया जा सकता है। बता दें कि केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई है। वहीं तिलक वर्मा भी एशिय़ा कप के जरिए वनडे फॉर्मेट में अपना डेब्यू कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications