कोरोना से रिकवर हुए रोहित ने पहले टी20 में ही बनाया ऐसा रिकॉर्ड जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं
नई दिल्ली, जुलाई 08। एजबेस्टन टेस्ट में इंग्लैंड के हाथों मिली हार के गम को भुलाते हुए टीम इंडिया टी20 सीरीज का जीत के साथ आगाज कर चुकी है। साउथहैंपटन में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 50 रन से मात देकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस जीत के साथ ही कप्तान रोहित शर्मा ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है जो आज से पहले कोई खिलाड़ी बतौर कप्तान नहीं कर सका।

रोहित की कप्तानी में बना यह खास रिकॉर्ड
दरअसल, इस जीत के साथ ही रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार 13वीं टी20 जीत दर्ज की है। ऐसा करने वाले रोहित शर्मा पहले कप्तान बन गए हैं। विराट कोहली से कप्तानी मिलने के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और फिर अब इंग्लैंड के खिलाफ लगातार जीत दर्ज की है। भारतीय टीम ने पिछले तीन सीरीज में विपक्षी टीम का क्लीन स्विप ही किया है।

फॉर्म से अभी भी जूझ रहे हैं रोहित शर्मा
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में रोहित शर्मा ने भले ही यह खास उपलब्धि हासिल की हो, लेकिन वो बल्लेबाजी में अभी तक पुरानी लय में नहीं लौट पाए हैं। कल के मैच में रोहित शर्मा ने 14 गेंदों में 24 रन की पारी जरूर खेली, लेकिन वो अपनी इस पारी को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। आपको बता दें कि रोहित शर्मा पूरे आईपीएल में फॉर्म से जूझते रहे थे। आईपीएल के सभी मैचों में रोहित शर्मा ने पारी की तेज शुरुआत तो की थी, लेकिन वो उसे बड़े स्कोर में बदलने में पूरी तरह नाकाम रहे थे।

कोरोना को हराकर मैदान पर लौटे हैं रोहित
आईपीएल के खराब प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा को दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए आराम दिया गया था। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए रोहित की फिर वापसी हुई थी, लेकिन मैच से कुछ दिन पहले रोहित शर्मा कोरोना संक्रमित हो गए, जिसकी वजह से उन्हें टेस्ट से भी बाहर रखा गया और उनकी जगह जसप्रीत बुमराह को टेस्ट टीम का कप्तान बनाया था। रोहित शर्मा अब कोरोना से रिकवर होकर टीम में वापस आए हैं।

भारत ने दिया था 199 रन का लक्ष्य
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। भारत की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही थी और कप्तान रोहित शर्मा 24 रन बनाकर आउट हो गए थे। 29 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा था। रोहित के आउट होने के बाद ईशान किशन का विकेट भी जल्दी गिर गया था। इसके बाद दीपक हुड्डा और सूर्यकुमार यादव के बीच तीसरे विकेट के लिए एक अच्छी साझेदारी हुई थी। बाद में सूर्यकुमार के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या ने अच्छी बैटिंग करते हुए हाफ सेंचुरी जड़ी। इसकी बदौलत भारत ने इंग्लैंड को 199 रन का लक्ष्य दिया था, जवाब में इंग्लैंड की टीम 148 रन पर ही सिमट गई।












Click it and Unblock the Notifications