Rohit Sharma ने तोड़ा अपना ही सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड, डेविड वॉर्नर की बराबरी कर रचा इतिहास
Rohit Sharma, World Record: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें 'हिटमैन' क्यों कहा जाता है। घरेलू क्रिकेट में करीब 7 साल बाद वापसी करते हुए रोहित ने विजय हजारे ट्रॉफी में सिक्किम के खिलाफ ऐसी पारी खेली, जिसने रिकॉर्ड बुक के पन्नों को पलट कर रख दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में रोहित ने न केवल अपनी फॉर्म दिखाई, बल्कि दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
वॉर्नर के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी (Rohit Sharma, World Record)
सिक्किम के खिलाफ 155 रनों की तूफानी पारी खेलकर रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज डेविड वॉर्नर के एक बड़े विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब रोहित के नाम लिस्ट-ए (50 ओवर फॉर्मेट) क्रिकेट में 9 बार 150 से अधिक का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। रोहित ने अपने करियर में 8 बार भारत के लिए वनडे मैचों में 150+ रन बनाए हैं, जबकि एक बार उन्होंने मुंबई के लिए खेलते हुए यह कारनामा किया। वहीं वॉर्नर ने 210 मैचों में 9 बार यह जादुई आंकड़ा छुआ था।

सिर्फ 62 गेंदों में जड़ा शतक
इस मैच की सबसे बड़ी हाईलाइट रोहित का शतक रहा। उन्होंने महज 62 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की। यह रोहित के करियर का सबसे तेज शतक है। इससे पहले उनका सबसे तेज शतक 63 गेंदों में था, जो उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में बनाया था। 94 गेंदों की अपनी पारी में रोहित ने 18 चौके और 9 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 164.89 का रहा, जिसने विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह पस्त कर दिया।
बने दूसरे सबसे उम्रदराज शतकवीर
38 साल और 238 दिन की उम्र में शतक जड़कर रोहित विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में सेंचुरी लगाने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इस सूची में पहले स्थान पर बंगाल के अनुस्तूप मजूमदार हैं, जिन्होंने 39 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। रोहित शर्मा दुनिया के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिनके नाम लिस्ट-ए क्रिकेट में तीन दोहरे शतक हैं। उनकी 264 (बनाम श्रीलंका), 209 (बनाम ऑस्ट्रेलिया) और 208* (बनाम श्रीलंका) जैसी पारियां आज भी क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में ताजा हैं।












Click it and Unblock the Notifications