Robin Uthappa: 'इसमें मेरी कोई भूमिका नहीं,' गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद रॉबिन उथप्पा ने तोड़ी चुप्पी
Robin Uthappa News: रॉबिन उथप्पा के खिलाफ कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) जमा से संबंधित कथित धोखाधड़ी के संबंध में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। इस एक्शन के बाद अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, वारंट क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त- II और केआर पुरम के वसूली अधिकारी शदक्षरा गोपाल रेड्डी द्वारा जारी किया गया था।

रॉबिन उथप्पा ने तोड़ी चुप्पी
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर रॉबिन उथप्पा ने कहा कि उनके पास कोई सक्रिय कार्यकारी भूमिका नहीं थी, न ही वे स्ट्रॉबेरी लेन्सरिया प्राइवेट लिमिटेड, सेंटॉरस लाइफस्टाइल ब्रांड्स प्राइवेट लिमिटेड और बेरीज़ फैशन हाउस के साथ व्यवसायों के दिन-प्रतिदिन के संचालन में शामिल थे।
भागीदारी के संबंध में दिया स्पष्टीकरण
उन्होंने अपने बयान में कहा कि, 'मेरे खिलाफ पीएफ मामले की हालिया खबरों के मद्देनजर, मैं स्ट्रॉबेरी लेन्सरिया प्राइवेट लिमिटेड, सेंटॉरस लाइफस्टाइल ब्रांड्स प्राइवेट लिमिटेड और बेरीज़ फैशन हाउस के साथ अपनी भागीदारी के संबंध में कुछ स्पष्टीकरण देना चाहूंगा।'
कंपनियों को कर्ज के रूप में वित्तीय योगदान दिया
उन्होंने कहा कि, '2018-19 में, मुझे इन कंपनियों में डायरेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया था, क्योंकि मैंने इन कंपनियों को कर्ज के रूप में वित्तीय योगदान दिया था। हालांकि, मेरी कोई सक्रिय कार्यकारी भूमिका नहीं थी, और मैं इन व्यवसायों के रोज़ाना के कामकाज में शामिल नहीं था।'
मैं कार्यकारी भूमिका नहीं निभाता
अपने बयान में आगे उन्होंने कहा, 'एक पेशेवर क्रिकेटर, टीवी प्रेजेंटर और कमेंटेटर के रूप में मेरे व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए, न तो मेरे पास उनके संचालन में भाग लेने के लिए समय था और न ही विशेषज्ञता। वास्तव में, मैंने आज तक जिन अन्य कंपनियों को वित्त पोषित किया है, उनमें से किसी में भी मैं कार्यकारी भूमिका नहीं निभाता हूं।'
उधार दिए गए धन को चुकाने में विफल रहीं कंपनियां
उन्होंने आगे कहा कि, 'दुर्भाग्य से, ये कंपनियां मेरे द्वारा उधार दिए गए धन को चुकाने में विफल रहीं, जिसके कारण मुझे कानूनी कार्यवाही शुरू करनी पड़ी, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। मैंने कई साल पहले अपने निदेशक पद से भी इस्तीफा दे दिया था।
जब भविष्य निधि अधिकारियों ने बकाया भुगतान की मांग करते हुए नोटिस जारी किए, तो मेरी कानूनी टीम ने जवाब दिया, जिसमें बताया गया कि इन कंपनियों में मेरी कोई भूमिका नहीं है और कंपनियों से मेरी भागीदारी की कमी की पुष्टि करने वाले दस्तावेज़ भी उपलब्ध कराए।'












Click it and Unblock the Notifications