पूर्व भारतीय बल्लेबाज का ऋषभ पंत को लेकर बड़ा बयान, मैदान पर धोनी की तरह नजर आते हैं पंत
नई दिल्ली, जुलाई 06। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का बल्ला खूब बोला था। पंत ने पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में अर्द्धशतक जड़ा था। पंत का बल्ला ना सिर्फ इस मैच में बल्कि इंग्लैंड के खिलाफ पूरी सीरीज में चला है। इसके लिए तमाम दिग्गज खिलाड़ियों ने पंत की तारीफ की थी, लेकिन इन सबके बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने ऋषभ पंत की विकेटकीपिंग को लेकर उनकी तरीफ की है। संजय मांजरेकर ने कहा है कि ऋषभ ने बल्लेबाजी के साथ-साथ अपनी विकेटकीपिंग में भी सुधार किया है और अब वो मैदान पर धोनी की तरह नजर आते हैं।

पंत ने विकेटकीपिंग में किया है यह सुधार
संजय मांजरेकर ने एजबेस्टन टेस्ट के बाद कहा कि ऋषभ ने पिछले कुछ समय के अंदर अपने खेल में काफी सुधार किया है। उन्होंने ना सिर्फ बल्लेबाजी सुधारी है बल्कि विकेटकीपिंग में भी अब वो धोनी की तरह नजर आते हैं। संजय मांजरेकर ने पंत की तारीफ करते हुए कहा है कि 24 साल का यह खिलाड़ी अब विकेट के पीछे से कम बात करता है और अपने गेम को लेकर ज्यादा सीरियस रहता है, यह बहुत शानदार है।
क्या कहा संजय मांजरेकर ने ?
संजय मांजरेकर ने कहा है, "इसमें कोई संशय नहीं है कि पंत की बल्लेबाजी काफी प्रभावशाली रही है। अपने खेल की बदौलत उन्होंने खुद को महान खिलाड़ियों के रूप में स्थापित किया है। हालांकि मैं इंग्लैंड की परिस्थितियों को लेकर थोड़ा संशय में था कि पंत वहां विकेटकीपिंग में कैसे रहेंगे, लेकिन उन्होंने विकेट के पीछे भी खुद को बेहतर किया है। अब वो विकेट के पीछे से कम बोलते हैं और गेम पर ज्यादा फोकस रखते हैं।
संजय मांजरेकर ने यह भी कहा कि, भारत के लिए बड़ी खबर पंत का विकेटकीपर के रूप में बढ़ना है। आप उनको स्टंप के आसपास ज्यादा बोलते हुए नहीं देखेंगे। उन्होंने काम को बहुत गंभीरता से लिया है। उनका सुधार उस तरह का रहा है जैसे महेंद्र सिंह धोनी का था।












Click it and Unblock the Notifications