कल्पना कीजिए उसके दिमाग पर कितना असर पड़ा होगा, अर्शदीप के ट्रोलर्स को अश्विन ने दिया संदेश
नई दिल्ली, 16 सितंबर: भारत के स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने उन लोगों की कड़ी आलोचना की है जिन्होंने युवा अर्शदीप सिंह के ऊपर सवाल उठाए और इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को बुरी तरह ट्रोल किया। अर्शदीप सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले में एक आसान सा कैच टपका दिया था जिसके बाद भारत मुकाबला मैच हार गया था और अर्शदीप सिंह रातों-रात विलेन बन गए थे। भारत में आम तौर पर अर्शदीप सिंह को पसंद किया जाता है और आईपीएल में उनके प्रदर्शन का इनाम टीम इंडिया में सिलेक्शन हासिल करके मिला लेकिन क्रिकेटरों के लिए चीजें उतार-चढ़ाव भरी भी होती हैं और अर्शदीप सिंह भी इसे अनुभव कर रहे हैं।

फैंस को सोशल मीडिया पर थोड़ा और संवेदनशील होना चाहिए
रविचंद्रन अश्विन का कहना है कि फैंस को सोशल मीडिया पर थोड़ा और संवेदनशील होना चाहिए। फैंस सोशल मीडिया पर सेंसिबल तरीके से एक्ट करेंगे तो ही ये एक अच्छी जगह बन पाएगी। अर्शदीप सिंह ने जो कैच छोड़ा वह आसिफ अली का था। अली ने बाद में मैच में फर्क करने वाली पारी भी खेली। अश्विन ने यूट्यूब पर अपने चैनल पर अर्शदीप सिंह को ट्रोल करने वाले लोगों को लताड़ा है और कहा है कि इस युवा गेंदबाज ने पारी के अंतिम ओवर में शानदार गेंदबाजी की जबकि इससे पहले वे एक कैच छोड़ चुके थे।

अंडर 17 और अंडर 19 दिनों से उसको फॉलो करता हूं
अश्विन कहते हैं कि, अर्शदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ नजदीकी मुकाबला दिया। उन्होंने अंतिम ओवर बहुत ही शानदार फेंका जिससे मुकाबला कड़ा हुआ। उसके कैच को छोड़ दिया जाए तो उन्होंने कितना अच्छा काम किया, आप यह देखिए कैसे उन्होंने आखिरी ओवर इतना अच्छा किया। पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों के खिलाफ ऐसा किया तो इस लड़के की तारीफ होनी चाहिए। मैं अर्शदीप सिंह के अंडर 17 और अंडर 19 दिनों से उसको फॉलो करता हूं और मैं उसके साथ पंजाब किंग्स में भी खेल चुका हूं। वह एक जबरदस्त बंदा है। वह एक ऐसा क्रिकेटर है जिसका काम करने का तरीका बहुत साफ सुथरा है। मुझे पता है कि यह लड़का अपनी जगह हासिल कर लेगा। इसमें मुझे कोई शक नहीं है।

अर्शदीप सिंह हम सभी हम सभी को मैदान पर रिप्रेजेंट कर रहे हैं
अश्विन कहते हैं कि इसलिए सोशल मीडिया पर जो भी कुछ हुआ उससे अर्शदीप सिंह उभर जाएंगे। हां यह सच है कि जब आप लोगों की नजरों में होते हो तो अक्सर आलोचना भी होती है। यह हमारी जिंदगी का एक हिस्सा है। हम इसको स्वीकार करेंगे और आगे बढ़ेगे। लेकिन जब आप व्यक्तिगत तौर पर अटैक करते हैं तो यह अच्छी बात नहीं होती है। अर्शदीप सिंह हम सभी हम सभी को मैदान पर रिप्रेजेंट कर रहे हैं, क्या यह सच नहीं है?

कल्पना कीजिए कि...
अश्विन कहते हैं कि जब बहुत ज्यादा ट्रोल किया जाता है तो इसका असर एक खिलाड़ी के दिमाग पर बहुत लंबा हो सकता है। अश्विन कहते हैं, किसी को गाली देना बहुत ही गलत बात है। आप कल्पना कीजिए कि अर्शदीप सिंह वह सभी चीजें पढ़ रहे हैं। कल्पना कीजिए कि उस युवा पर इन सब चीजों का कितना असर पड़ेगा। उनके परिवार पर भी इसका कितना असर पड़ेगा, इन सब चीजों के बारे में कल्पना करनी जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications