'बंगाल की तरफ से नहीं खेलूंगा क्रिकेट', ऋद्धिमान साहा ने रणजी ट्रॉफी में खेलने से किया इंकार
नई दिल्ली। आईपीएल 20222 के बाद भारतीय घरेलू क्रिकेट कैलेंडर का फिर से आगाज हो जायेगा, जिसके तहत रणजी ट्रॉफी 2022 के दूसरे फेज के नॉकआउट मैचों का आयोजन किया जायेगा। इसको लेकर सभी राज्यों की टीमों ने अपने-अपने खिलाड़ियों के नाम जारी कर दिये हैं, जिसके तहत बंगाल क्रिकेट टीम ने ऋद्धिमान साहा का नाम भी अपनी टीम में शामिल किया था। उल्लेखनीय है कि फरवरी-मार्च के दौरान खेले गये रणजी ट्रॉफी के पहले चरण के दौरान ऋद्धिमान साहा भारतीय टीम से बाहर होने के बाद रणजी ट्रॉफी में बंगाल की टीम का हिस्सा नहीं बने थे।

ऐसे में जब नॉकआउट स्टेज में ऋद्धिमान साहा के नाम का ऐलान किया तो फैन्स को काफी हैरानी भी हुई। हालांकि भारतीय क्रिकेट टीम के इस सीनियर विकेटकीपर बल्लेबाज ने रणजी ट्रॉफी में बंगाल की ओर से खेलने से इंकार कर दिया है। बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन ने इस बात की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया है कि आईपीएल में गुजरात टाइटंस की ओर से धमाल मचा रहे ऋद्धिमान साहा ने सीएबी की अपील को मानने से इंकार कर दिया है।
और पढ़ें: RCB को एलिमिनेटर में जीत दिलाने के लिये शादी टाल कर आये रजत पाटीदार, मेगा नीलामी में रहे थे अनसोल्ड

साहा ने ठुकराई बंगाल संघ की अपील
उल्लेखनीय है कि बंगाल की टीम को रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट स्टेज खेलने के लिये बेंगलुरू जाना है जहां पर उसका सामना क्वार्टरफाइनल्स में झारखंड की टीम से होगा। इस मैच का आयोजन 6 जून से किया जायेगा।
सीएबी के अध्यक्ष अविषेक डालमिया ने कहा,'हम चाहते थे कि ऋद्धिमान साहा बंगाल क्रिकेट टीम की ओर से खेलते हुए रणजी ट्रॉफी के अहम मुकाबलों में उसे जीत दिलाने में मदद करें जो नॉकआउट स्टेज में खेलती नजर आयेगी। हमारी टीम ने नॉकआउट स्टेज से पहले देश के शानदार टूर्नामेंट की सबसे अच्छी टीम बनने का काम किया। मैंने इस बात को लेकर साहा से अपनी इच्छा बताई और उन्हें अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की थी, हालांकि अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वो बंगाल के लिये रणजी नॉकआउट मैच नहीं खेलना चाहते हैं।'

एनओसी की रिपोर्ट पर बोलने से किया इंकार
गौरतलब है कि सीएबी ने रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट स्टेज के लिये जब टीम का ऐलान किया था तो उनका नाम तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के साथ टीम में शामिल किया था। हालांकि उस वक्त विवाद खड़ा हो गया जब यह रिपोर्ट सामने आई कि साहा ने राज्य से एनओसी की मांग की है। सीएबी ने इन रिपोर्ट की पुष्टि से इंकार कर दिया है और कहा कि यह बातचीत खिलाड़ी और संघ के बीच गोपनीय जानकारी का हिस्सा है।
उन्होंने कहा,'कोई भी चर्चा जो कि खिलाड़ियों और संघ के बीच होती है वो सख्त रूप से वहीं रखी जाती है। मैं इस मुद्दे पर कोई भी बयान देने से बचाना चाहूंगा।'

मीडिया की वजह से आई दूरियां
साहा को जब भारतीय चयनकर्ताओं ने टीम से बाहर कर दिया था तो उसके बाद उन्होंने लीग स्टेज में टीम से दूर रहने का फैसला किया। सीएबी के संयुक्त सचिव ने साहा के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी टीम के प्रति कोई जिम्मेदारी नहीं है और वो खुद को राज्य से ऊपर मान रहे हैं। आपको बता दें कि साहा की टीम ने आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस के लिये शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने 10 पारियां खेलकर 312 रन बनाये हैं। फिलहाल उनकी टीम अपने पहले फाइनल में पहुंच गई हैं।
उन्होंने कहा,'ऋद्धिमान के पास बंगाल क्रिकेट को लेकर कोई जिम्मेदारी नहीं। जब वो भारतीय टीम के लिये नहीं खेल रहे हैं तो उन्होंने बंगाल के लिये खेलना चाहिये और अपने राज्य की टीम को नॉकआउट स्टेज में जीत दिलाने में मदद करनी चाहिये। साहा और बोर्ड के बीच जो भी गलतफहमियां बनी हैं और जिनकी वजह से दोनों के बीच यह दूरियां आई हैं उसकी वजह मीडिया रही है।'












Click it and Unblock the Notifications