युजवेंद्र चहल को सबसे मजेदार विश मिला राजस्थान रॉयल्स की तरफ से, बटलर बने धनश्री के ससुर
चहल और धनश्री की शादी की सालगिरह के मौके पर राजस्थान रॉयल्स ने भी सोशल मीडिया के जरिए बहुत ही अलग अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं।

टीम इंडिया के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल आज अपनी शादी की दूसरी सालगिरह सेलिब्रेट कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई हस्तियों ने युजी चहल को शादी की सालगिरह का बधाई दी है। 22 दिसंबर 2020 को युजी चहल ने अपनी दोस्त धनश्री वर्मा से विवाह किया था। चहल और धनश्री की शादी की सालगिरह के मौके पर राजस्थान रॉयल्स ने भी सोशल मीडिया के जरिए बहुत ही अलग अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं। राजस्थान रॉयल्स के इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें बॉलीवुड की फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' के गाने 'सुनो जी दुल्हन' का इस्तेमाल किया गया है।
राजस्थान रॉयल्स ने शेयर किया वीडियो
वीडियो में 'आओ दुल्हन अब इनसे मिलो जी...' गाने पर लिरिक्स के हिसाब से विजुअल्स लगाए गए हैं। वीडियो में जब ससुर जी का नाम आता है तो वीडियो में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान जोस बटलर को दिखाया जाता है। इसके बाद जब सास की बारी आती है तो बटलर की पत्नी को दिखाया गया है। इसके अलावा वीडियो में जब ननद और नंदोई की बारी आती है तो वहां आर अश्विन और उनकी पत्नी प्रीति नारायण को दिखाया गया है और आखिर में जब बारी सईयां जी की आती है तो युजवेंद्र चहल आते हैं। वीडियो में चहल का गजब अंदाज दिखाया गया है।
अश्विन की पत्नी को नहीं समझ आया वीडियो
इस वायरल वीडियो पर युजी चहल की पत्नी धनश्री और आर अश्विन की पत्नी प्रीति नारायण ने भी कॉमेंट किया है। अश्विन की पत्नी प्रीति नायारण इस वीडियो को समझ नहीं पाई हैं, इसलिए उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के इंस्टाग्राम पेज के एडमिन को इस वीडियो को समझाने की गुजारिश की है। प्रीति नारायण को भले ही यह वीडियो समझ न आया हो, लेकिन धनश्री और चहल के अलावा इस वीडियो को हर किसी ने एन्जॉय किया है।












Click it and Unblock the Notifications