World Cup सेमीफाइनल से पहले भारत को बड़ा झटका! स्टार खिलाड़ी हुईं चोटिल, कहीं टूट न जाये सपना?
World Cup 2025, Pratika Rawal: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में रविवार यानी 26 अक्टूबर को भारत और बांग्लादेश मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। भारत इस मैच में जीत के बेहद करीब थी, तभी बारिश ने मैच में खलल डालने का काम किया। दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा। भारतीय क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज और हाल ही में सबसे तेज 1000 वनडे रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बराबर करने वालीं प्रतिका रावल फील्डिंग के दौरान बुरी तरह चोटिल हो गईं।
फील्डिंग के दौरान चोटिल हुईं प्रतिका (World Cup 2025, Pratika Rawal)
यह घटना मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में बारिश से प्रभावित इस मैच की पहली पारी के दौरान हुई। मैच को 27-27 ओवर का कर दिया गया था। घटना 21वें ओवर में हुई जब बांग्लादेश की बल्लेबाज शर्मिन अख्तर ने दीप्ति शर्मा की गेंद पर लेग साइड में शॉट खेला। डीप मिड-विकेट पर फील्डिंग कर रहीं प्रतिका गेंद को रोकने के लिए तेजी से बाईं ओर दौड़ीं।

दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर गईं प्रतिका
गेंद को पकड़ने के लिए अचानक रुकते समय उनका पैर जमीन पर अटक गया और वह असहज तरीके से मुड़ गया। प्रतिका तुरंत दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर गईं। उन्हें दर्द में देखकर साथी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की मदद से तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया। यह चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें बल्लेबाजी के लिए भी नहीं उतारा जा सका। अगर वो फिट नहीं होती हैं तो भारत के लिए वर्ल्ड कप सेमीफाइनल खेलने का उनका सपना टूट सकता है।
बीसीसीआई ने दिया हेल्थ अपडेट
पहली पारी समाप्त होने के बाद बीसीसीआई ने स्टार खिलाड़ी की चोट पर आधिकारिक अपडेट जारी किया। बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि टीम इंडिया की ऑलराउंडर प्रतिका रावल को बांग्लादेश के खिलाफ पहली पारी में फील्डिंग के दौरान घुटने और टखने में चोट लगी है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर कड़ी निगरानी रख रही है।
इस चोट के कारण प्रतिका रावल दूसरी पारी में स्मृति मंधाना के साथ ओपनिंग करने नहीं आईं। उनकी जगह अमनजोत कौर ने सलामी बल्लेबाज के रूप में कमान संभाली। बारिश से प्रभावित इस 27 ओवर प्रति साइड के मैच में बांग्लादेश ने 9 विकेट खोकर 119 रन बनाए थे। इसके बाद डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत भारत को यह मुकाबला जीतने के लिए 126 रन का संशोधित लक्ष्य मिला था। भारत ने 8.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 57 रन बना लिए, लेकिन बारिश के कारण खेल पूरा नहीं हो सका।












Click it and Unblock the Notifications