पाकिस्तान ट्राई-सीरीज में बड़ा बदलाव! अफगानिस्तान की जगह इस टीम की हुई एंट्री, PCB ने किया ऐलान
Pakistan Tri-Nation Series 2025 News: पाकिस्तान में 17 से 29 नवंबर तक होने वाली टी-20 ट्राई नेशन टी-20 सीरीज (Tri-Nation T20I Series) में एक बड़ा बदलाव हुआ है। अफगानिस्तान की जगह अब जिम्बाब्वे की टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। अफगानिस्तान ने हाल ही में पाकिस्तान में हुए कथित हवाई हमलों में अपने तीन युवा क्रिकेटरों की दुखद मौत के बाद इस टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था।
अफगानिस्तान ने टूर्नामेंट से नाम लिया था वापस (Pakistan Tri-Nation Series 2025 News)
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तानी हवाई हमलों को 'कायरतापूर्ण' बताते हुए कहा था कि उन्होंने मारे गए खिलाड़ियों के सम्मान में पाकिस्तान में होने वाली इस सीरीज से हटने का निर्णय लिया है। आईसीसी (ICC) और बीसीसीआई (BCCI) ने भी इन क्रिकेटरों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए हमले की निंदा की है।

पीसीबी ने किया जिम्बाब्वे का स्वागत
अफगानिस्तान के हटने के तुरंत बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक बयान जारी कर जिम्बाब्वे की तीसरी टीम के रूप में घोषणा कर दी। पीसीबी ने अफगानिस्तान के हटने का कोई कारण नहीं बताया, बल्कि केवल यह कहा कि अफगानिस्तान ने 'टूर्नामेंट में भाग लेने में अपनी असमर्थता व्यक्त की है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने पीसीबी के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। इस सीरीज में अब पाकिस्तान, श्रीलंका और जिम्बाब्वे की टीमें शामिल होंगी।
यह ट्राई सीरीज अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से पहले तीनों टीमों को अहम तैयारी का मौका देगी। टूर्नामेंट का आगाज 17 नवंबर को मेजबान पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होगा। सीरीज का फाइनल मैच 29 नवंबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल सात मैच खेले जाएंगे, जिनमें से पहले दो मैच रावलपिंडी में और बाकी पांच, जिसमें फाइनल भी शामिल है, लाहौर में होंगे।












Click it and Unblock the Notifications