IPL इतिहास में 4 मौके जब जीत के लिये लास्ट बॉल पर चाहिये थे 5-6 रन, छक्का मारकर जिताया मैच
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 16वां मैच ब्राबोर्न स्टेडियम पर गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया, जहां पर आखिरी गेंद के रोमांच में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम ने 6 विकेट से जीत हासिल कर जीत की हैट्रिक लगा दी है। इस जीत के साथ ही गुजरात टाइटंस ने अंकतालिका में दूसरे पायदान पर कब्जा जमा लिया है। आईपीएल 2022 की अंकतालिका की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 4 में से 3 मैचों में जीत हासिल कर गुजरात की तरह 6 अंक हासिल किये हैं लेकिन बेहतर नेट रन रेट के चलते वह पहले स्थान पर काबिज है।

वहीं गुजरात टाइटंस की टीम ने अभी तक खेले गये तीनों मैचों में जीत हासिल की है और इस सीजन अजेय रहने वाली इकलौती टीम बनी हुई है। पंजाब किंग्स की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 189 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम ने शुबमन गिल (96 रन, 59 गेंद) की पारी और आखिरी ओवर के रोमांच में राहुल तेवतिया के दम पर 6 विकेट से जीत हासिल की।
और पढ़ें: 'अगर करनी है वापसी तो IPL में बनाने होंगे 600-700 रन', आकाश चोपड़ा ने सीनियर बल्लेबाज को दी हिदायत

सिर्फ 4 बार ही हुआ है यह कारनामा
इस जीत के साथ ही गुजरात टाइटंस की टीम आईपीएल इतिहास में चौथी बार आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर जीत हासिल करने वाली टीम बन गई है। आईपीएल इतिहास के 15 सीजन में सिर्फ 4 बार ही ऐसा देखने को मिला है जब टीमों को जीत के लिये पारी की आखिरी गेंद पर 5 या 6 रन की दरकार रही हो और उसके खिलाड़ियों ने छक्का मारकर मैच अपने नाम किया है। पंजाब और गुजरात के बीच खेले गये इस मैच में हार्दिक पांड्या की टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिये 19 रन की दरकार थी, जिसकी पहली गेंद वाइड हो जाने के बाद ओडिन स्मिथ ने दूसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या का विकेट हासिल किया।

तेवतिया ने लगातार 2 छक्के लगाकर जिताया मैच
वहीं दूसरी गेंद पर एक रन लेने के बाद डेविड मिलर ने तीसरी गेंद पर चौका लगा दिया था, वहीं चौथी गेंद पर मिलर ने फिर एक बार रन लिया। ऐसे में क्रीज पर नये बल्लेबाज राहुल तेवतिया थे और जीत के लिये उन्हें 2 गेंदों में 12 रन की दरकार थी। किसी भी खिलाड़ी के लिये आखिरी दो गेंदों पर 2 छक्के लगाकर टीम को जीत दिलाने का कारनामा करना आसान नहीं होता लेकिन तेवतिया ने असंभव दिखने वाला कारनामा कर दिखाया और लगातार दो गेंदों पर 2 छक्के लगाकर गुजरात टाइटंस की टीम को जीत दिला दी।

पहली बार ब्रावो ने किया था यह कारनामा
आईपीएल के इतिहास में यह कारनामा सबसे पहली बार साल 2012 में हुआ था जब चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच खेला गया था। केकेआर की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रन बनाये थे और सीएसके की टीम ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल कर प्लेऑफ के लिये क्वालिफाई किया था। इस मैच के आखिरी ओवर में सीएसके को जीत के लिये महज 9 रन की दरकार थी लेकिन रजत भाटिया ने पहली गेंद पर ब्रावो को एक रन देने के बाद दूसरी गेंद पर धोनी का विकेट हासिल कर लिया। अगली दो गेंद पर जडेजा ने 3 रन लिये लेकिन पांचवी गेंद ब्रावो से खाली रह गई, जिसकी वजह से सीएसके को जीत के लिये आखिरी गेंद पर 5 रन की दरकार रह गई। हालांकि ब्रावो ने रजत भाटिया की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर जीत हासिल कर ली।

जब धोनी ने अक्षर पटेल के खिलाफ जीता मैच
वहीं आईपीएल में यह कारनामा दूसरी बार साल 2016 में देखने को मिला था जब किंग्स इलेवन पंजाब टीम का सामना राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस के साथ हुआ था। इस मैच में पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 172 रनों का स्कोर खड़ा किया था। यह वो साल था जब धोनी राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस के लिये खेल रहे थे। इस मैच में रनों का पीछा करते हुए पुणे की टीम ने 19 ओवर में 150 रन बना लिये थे और आखिरी ओवर में जीत के लिये 23 रनों की दरकार थी। अक्षर पटेल के सामने धोनी बल्लेबाजी कर रहे थे जिनकी पहली गेंद पर कोई रन नहीं आया, हालांकि दूसरी गेंद पर वाइड के चलते एक रन आया। धोनी ने अगली गेंद पर छक्का जड़ दिया, जिसके बाद तीसरी गेंद फिर से खाली रही। अब जीत के लिये आखिरी 3 गेंदों पर 16 रन की दरकार थी लेकिन धोनी ने चौथी गेंद पर चौका और बीच हुई दोनों गेंदों पर छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी।

जब आरसीबी के लिये केएस भरत ने चुराया मैच
आईपीएल में यह कारनामा पिछले सीजन भी देखने को मिला था जब दिल्ली कैपिटल्स की टीम का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से हुआ। आईपीएल 2021 के दूसरे लेग के दौरान जब दुबई में दिल्ली और आरसीबी की टीम का सामना हुआ तो ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया। जिसके जवाब में आरसीबी की टीम ने 19 ओवर में 150 रन बना लिये और आखिरी ओवर में जीत के लिये उसे 15 रन की दरकार थी। ग्लेन मैक्सवेल ने पहली 3 गेंदों में 7 रन बटोर लिये। अगली 3 गेंद पर जीत के लिये उसे 8 रन की दरकार थी, लेकिन आवेश खान ने चौथी गेंद स्लॉट पर फेंकी लेकिन उस पर भरत कोई रन नहीं बना सके। पांचवी गेंद पर मिस फील्डिंग के चलते 2 रन आ गये और आखिरी गेंद पर जीत के लिये 6 रन की दरकार रह गई। केएस भरत ने आवेश खान की गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications