T20 World Cup से पहले ट्राई-सीरीज में 'हीरो' बना पाकिस्तान, बांग्लादेश के बाद न्यूजीलैंड को भी दी पटखनी
ट्राई-सीरीज (T20I Tri-Series 2022) के दूसरे मैच में न्यूजीलैंड को हराकर पाकिस्तान ने जीत के सिलसिले को बरकरार रखा है। बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान की टीम ने न्यूजालैंड के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया।
New Zealand vs Pakistan, 2nd Match: ट्राई-सीरीज (T20I Tri-Series 2022) के दूसरे मैच में न्यूजीलैंड को हराकर पाकिस्तान ने जीत के सिलसिले को बरकरार रखा है। बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान की टीम ने न्यूजालैंड के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया। शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन शायद केन विलियमसन का यह फैसला टीम के लिए गलत साबित हुआ।

बाबर आजम ने खेली कप्तानी पारी
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम फॉर्म में लौट चुके हैं। एशिया कप में रन बनाने के लिए बल्ले से संघर्ष करने वाले बाबर ट्राई सीरीज में जमकर रन बना रहे हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम के लिए मैच विनिंग पारी खेली। उन्होंने महज 53 गेंदों में 11 चौके की मदद से नाबाद 79 रन बनाने का काम किया। बाबर आजम की इस पारी की बदौलत ही पाकिस्तान इस मुकाबले को आसानी से जीतने में सफल रहा।

न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में बनाए थे 147 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज फिन एलन सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान केन विलियमसन ने डेवोन कॉनवे के साथ मिलकर यहां से टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन 61 रनों की साझेदारी के बाद कॉनवे 36 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से न्यूजीलैंड की पारी बिखर गई और 20 ओवर में 147 पर आकर थम गई।

पाकिस्तान ने छह विकेट से जीता मैच
148 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी खराब रही। फॉर्म में चल रहे टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज मोहम्मदज रिजवान 12 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर टिम साउदी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इसके बाद शान मसूद भी बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। लेकिन शादाब खान ने चौथे नंबर पर आकर कप्तान के साथ पचास से अधिक रनों की साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। पाकिस्तान ने 18.2 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी के साथ लक्ष्य को हासिल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications