न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम का ऐलान, हुए दो बड़े बदलाव
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम में दो बदलाव हुए हैं। कामरान गुलाम और हसन अली को टीम में चुना गया है, जबकि मोहम्मद अली और हारिस रऊफ को बाहर कर दिया गया है।

pakistan team announced for New Zealand test series न्यूजीलैंड के खिलाफ 26 दिसंबर से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम घोषित हो गई है। इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्विप का सामना करने के बाद यह आशंका जताई जा रही थी कि टीम में बहुत बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, लेकिन वैसा नहीं हुआ है। 16 सदस्यीय टीम का कप्तान बाबर आजम को ही बनाया गया है, जबकि ज्यादातर खिलाड़ी वही हैं, जो इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में थे।
टीम में हुए दो बदलाव
पाकिस्तान टेस्ट टीम में अनकैप्ड कामरान गुलाम को चुना गया है। दाएं हाथ के बल्लेबाज कामरान गुलाम को टीम में अजहर अली की जगह चुना गया है, जो इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच के बाद रिटायर हो गए हैं। अजहर अली ने कराची टेस्ट से पहले ही यह ऐलान कर दिया था कि वो तीसरे और आखिरी टेस्ट के बाद संन्यास ले लेंगे। इसके अलावा तेज गेंदबाज हसन अली की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। इन दो खिलाड़ियों की जगह मोहम्मद अली और हारिस रऊफ को टीम से बाहर किया गया है।
हारिस रऊफ हैं चोटिल- पीसीबी
आपको बता दें कि 27 साल के कामरान गुलाम इससे पहले 2021 में भी टेस्ट टीम में चुने गए थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल पाया था। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भी कामरान को रिजर्व खिलाड़ियों में रखा गया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम का ऐलान करते हुए कहा है कि हारिस रऊफ चोटिल हैं, इसलिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है। हारिस रऊफ रावलपिंडी टेस्ट के दौरान फील्डिंग करते वक्त चोटिल हो गए थे।
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलने हैं। पहला टेस्ट 26 दिसंबर को कराची में और दूसरा 3 जनवरी को मुल्तान में खेला जाएगा। इंग्लैंड के खिलाफ क्लीन स्विप का सामना करने के बाद पाकिस्तान के लिए यह घर में दूसरी सीरीज होगी, जिसमें वो अपनी लाज बचाने के लिए उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications