PAK vs USA: पाकिस्तान और यूएसए के बीच मैच कल, PAK लेगा पिछली हार का बदला या फिर होगा बड़ा उलटफेर!
PAK vs USA T20 World Cup 2026: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए के एक अहम मुकाबले में मंगलवार को पाकिस्तान का सामना अमेरिका (USA) से होगा। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर होने वाला यह मैच पाकिस्तान के लिए महज एक मुकाबला नहीं, बल्कि 20 महीने पहले मिली उस शर्मनाक हार के जख्मों को भरने का मौका है। पिछली बार पाकिस्तान को मिली हार ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था।
पिछली बार अमेरिका ने पाकिस्तान को था हराया (PAK vs USA T20 World Cup 2026)
साल 2024 के वर्ल्ड कप में अपने डेब्यू मैच में ही अमेरिका ने पाकिस्तान को हराकर इतिहास रचा था। अब एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने हैं। पाकिस्तान ने अपने पिछले मैच में नीदरलैंड्स के खिलाफ जैसे-तैसे जीत दर्ज की है, जबकि अमेरिका को अपने पिछले मुकाबले में भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। दोनों ही टीमें इस समय दबाव में हैं, लेकिन मनोवैज्ञानिक बढ़त अमेरिका के पास है।

आखिरी बार बल्लेबाजों ने किया था निराश
नीदरलैंड्स के खिलाफ 148 रनों का पीछा करते हुए पाकिस्तान का मिडल ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया था। फहीम अशरफ की सूझबूझ ने टीम को हार से बचा लिया, लेकिन कप्तान सलमान अली आगा और स्टार बल्लेबाज बाबर आजम की फॉर्म पर सवालिया निशान बने हुए हैं। बाबर आजम टी-20 में वापसी कर रहे हैं, लेकिन उन पर रन बनाने की भारी जिम्मेदारी होगी।
पाकिस्तानी बल्लेबाजों से होगी उम्मीदें
वहीं, ओपनर सईम अय्यूब को अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का लोहा मनवाना होगा, जो पिछले कुछ समय से गेंदबाजी में तो सफल रहे हैं लेकिन बल्ले से संघर्ष कर रहे हैं। कप्तान आगा ने स्वीकार किया है कि टीम को दबाव झेलने की कला सीखनी होगी। अमेरिका की गेंदबाजी इस टूर्नामेंट में अब तक प्रभावी रही है। दक्षिण अफ्रीका में जन्मे शडले वान शल्कविक और सौरभ नेत्रवलकर की जोड़ी पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को परेशान कर सकती है।
अमेरिका को करना होगा बेहतर प्रदर्शन
हालांकि, भारत के खिलाफ मैच में नेत्रवलकर का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, जिससे वे इस मैच में वापसी करना चाहेंगे। बल्लेबाजी में कप्तान मोनांक पटेल खुद खराब शॉट खेलकर आउट होने के लिए आलोचना झेल रहे हैं। अमेरिका को पावरप्ले में संभलकर खेलने की जरूरत है। टीम के मुख्य तेज गेंदबाज अली खान की फिटनेस अब भी टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है, जो भारत के खिलाफ चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए थे।
पिच से किसे मिलेगा फायदा
कोलंबो की पिच स्पिनरों की मददगार हो सकती है, जिससे सईम अय्यूब और अबरार अहमद जैसे गेंदबाजों की भूमिका बढ़ जाएगी। अमेरिका ने टूर्नामेंट से पहले श्रीलंका में अभ्यास किया है, इसलिए वे यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। कागजों पर पाकिस्तान एक मजबूत टीम नजर आती है, लेकिन उनका अनप्रिडिक्टेबल स्वभाव उन्हें अक्सर मुश्किल में डालता है। यदि अमेरिका शुरुआती विकेट झटकने में कामयाब रहा तो एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications