PAK vs NZ: केन विलियमसन ने जड़ा टेस्ट करियर का 5वां दोहरा शतक, न्यूजीलैंड ने 612/9 पर घोषित की पारी
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने कराची टेस्ट मैच में पाकिस्तान के खिलाफ दोहरा शतक जड़ दिया है। विलियमसन ने 393 गेंदों में अपने 200 रन पूरे किए। यह उनके टेस्ट करियर का पांचवा दोहरा शतक है।

Pakistan vs New Zealand 1st Test पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने शानदार दोहरा शतक जड़ दिया है। यह उनके टेस्ट करियर का 5वां दोहरा शतक है, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ ही उनकी यह दूसरी डबल सेंचुरी है। विलियमसन ने इससे पहले 3 जनवरी 2021 को क्राइस्टचर्च में पाकिस्तान के खिलाफ डबल सेंचुरी लगाई थी। उस मैच में उन्होंने 238 रन की पारी खेली थी। न्यूजीलैंड ने वो एक पारी और 176 रन से जीत लिया था।
विलियमसन के 200 होते ही कप्तान ने घोषत की पारी
कराची टेस्ट में विलियमसन ने 393 गेंदों में 21 चौके और 1 छक्के की मदद से अपना दोहरा शतक पूरा किया। विलियमसन 200 रन बनाकर नाबाद रहे और उनका दोहरा शतक होते ही कप्तान टिम साउदी ने 612/9 पर अपनी पारी घोषित कर दी। विलियमसन की इस कमाल की पारी की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम अब इस मुकाबले में काफी मजबूती के साथ खड़ी है। इस बड़े स्कोर के बाद न्यूजीलैंड को 174 रन की बढ़त भी हासिल हो गई है।
2 साल बाद विलियमसन ने जड़ा था शतक
बता दें कि केन विलियमसन ने इससे पहले कराची टेस्ट के तीसरे दिन अपना शतक भी पूरा किया था। विलियमसन के बल्ले से यह शतक करीब 2 साल के बाद आया था। यह विलियमसन का 25वां टेस्ट शतक था। विलियमसन से पहले टॉम लैथम (113) और डेवॉन कॉनवे (92) की अहम पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम 600 के पार पहुंची है।
विलियमसन ने तोड़ा मैकुलम का रिकॉर्ड
आपको बता दें कि केन विलियमसन की डबल सेंचुरी ने आज न्यूजीलैंड के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मैकुलम ने टेस्ट करियर में 4 दोहरे शतक लगाए थे, जिसे अब विलियमसन ने तोड़ दिया है। ब्रैंडन मैकुलम का करियर करीब 12 साल तक चला था। 5 दोहरे टेस्ट शतक लगाने के बाद अब केन विलियमसन कई पूर्व खिलाड़ियों के बराबर आ गए हैं। इसमें ग्रेम स्मिथ, जो रूट, राहुल द्रविड़ और एलिस्टर कुक का नाम शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications