Operation Sindoor: सचिन तेंदुलकर से लेकर गौतम गंभीर तक, PAK पर हुए एयरस्ट्राइक पर जानिए किसने-क्या बोला
भारत ने आतंक के खिलाफ अपने इरादे एक बार फिर साफ कर दिए हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' (Operation Sindoor) के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकियों के ठिकानों को सटीक तरीके से निशाना बनाया। क्रिकेट जगत से भी इस ऑपरेशन पर प्रतिक्रियाएं आई हैं।
इस ऑपरेशन में उन्हीं ठिकानों पर हमला किया गया, जहां से भारत के खिलाफ हमलों की योजना बनाई जाती थी। यह कार्रवाई सिर्फ जवाब नहीं, बल्कि आने वाले खतरों को रोकने का एक रणनीतिक संकेत भी है कि भारत अब सिर्फ प्रतिक्रिया नहीं, पूर्व-क्रिया (pre-emptive strike) की नीति पर चल पड़ा है। कई पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों ने इस एक्शन के लिए सेना के साहस को सलाम किया है।

सचिन तेंदुलकर का ट्वीट: हम एक टीम हैं!
भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपने ट्वीट में भारत की एकता और ताकत का जिक्र करते हुए कहा, 'एकता में डर नहीं होता, ताकत में कोई सीमा नहीं होती। भारत की ढाल उसके लोग हैं। इस दुनिया में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है। हम एक टीम हैं! जय हिंद। सचिन ने इस संदेश के जरिए राष्ट्र की ताकत और एकता को मजबूती से प्रदर्शित किया।
वरुण चक्रवर्ती ने दिया सेना का साथ
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ अहम मुकाबले की तैयारी कर रहे हैं। चक्रवर्ती ने एक इमोशनल इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए ऑपरेशन सिंदूर को सपोर्ट किया है।
सुरेश रैना ने आर्मी को किया सैल्यूट
भारत के पूर्व दिग्गज सुरेश रैना ने एक दमदार तस्वीर शेयर करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' (Operation Sindoor) और जय हिंद हैशटैग के साथ पोस्ट डाला। रैना की देशभक्ति की भावना ने फैंस के दिलों को छू लिया। रैना का यह रिएक्शन दिखाता है कि उनका देश के साथ जुड़ाव सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं है।
वीरेंद्र सहवाग बोले- धर्मो रक्षति रक्षित
अपने तीखे बयानों के लिए मशहूर टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज वीरेंद्र सहवाग ने ट्विटर पर लिखा- 'धर्मो रक्षति रक्षितः। जय हिंद की सेना। यह श्लोक यह संदेश देता है कि अगर आप सही रास्ते (धर्म) पर चलेंगे और सच्चाई की रक्षा करेंगे, तो वही धर्म आपकी रक्षा करेगा।
गौतम गंभीर ने हिंद की सेना को किया सलाम
टीम इंडिया के पूर्व ओपनर और सांसद गौतम गंभीर ने केवल दो शब्दों में अपना संदेश दिया- 'जय हिंद!' यह ट्वीट भले ही छोटा था, लेकिन इसका असर गहरा था। गंभीर हमेशा से सेना के समर्थन में मुखर रहे हैं और इस बार भी उन्होंने वही मजबूती दिखाई।
PAK के साथ हर तरह के रिश्तों पर 'पूर्ण प्रतिबंध' लगे- गंभीर
गौतम गंभीर ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सभी तरह के संबंधों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने साफ कहा कि 'कोई क्रिकेट मैच, कोई फिल्म, कोई कलाकार-कुछ भी हमारे लोगों की जान से बड़ा नहीं हो सकता।'
एबीपी के एक कार्यक्रम में गंभीर ने कहा कि जब तक सीमा पार से आतंकवाद बंद नहीं होता, तब तक भारत को पाकिस्तान के साथ किसी भी स्तर पर बातचीत या साझेदारी नहीं करनी चाहिए, चाहे वो क्रिकेट हो, बॉलीवुड या कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम हो।
अन्य क्रिकेटर्स ने भी सेना को किया सपोर्ट
सिर्फ बड़े नाम ही नहीं, कई अन्य IPL और घरेलू क्रिकेटर्स ने भी ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सेना को सलाम किया। किसी ने तिरंगे की इमोजी शेयर की, किसी ने जय हिंद लिखा तो किसी ने 'Salute to Indian Army' जैसे संदेशों के साथ सोशल मीडिया को पोस्ट से भर दिया।












Click it and Unblock the Notifications