ओमान के 43 साल के खिलाड़ी ने तोड़ा 79 साल पुराना रिकॉर्ड, बन गए दुनिया के पहले बल्लेबाज
IND vs OMA: शुक्रवार को एशिया कप के मैच में भारत के खिलाफ खेलते हुए ओमान ने प्रभावशली खेल का प्रदर्शन करते हुए धमाल मचा दिया, हालांकि टीम इंडिया ने इस मैच में 21 रनों से जीत हासिल की। इसके बावजूद उनके खिलाड़ी आमिर कलीम ने एक बेहतरीन रिकॉर्ड अपने नाम किया।
आमिर कलीम ने न सिर्फ भारत के खिलाफ एशिया कप 2025 में धमाकेदार पारी खेली, बल्कि क्रिकेट इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। कलीम अब भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी बन गए हैं।

दशकों पुराना कीर्तिमान ध्वस्त
इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज़ वॉली हैमंड का 79 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जो उन्होंने 1946 में मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में बनाया था। हैमंड का वह रिकॉर्ड दशकों तक अटूट रहा लेकिन कलीम ने 43 वर्ष की उम्र में उनको पीछे छोड़ते हुए इतिहास में अपना नाम दर्ज करा दिया।
क्रिस गेल को भी पछाड़ा
आमिर कलीम ने भारत के खिलाफ टी20 एशिया कप 2025 में न सिर्फ अपनी टीम को मजबूती दी, बल्कि एक के बाद एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। 43 वर्षीय कलीम अब बन चुके हैं टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी पूर्ण सदस्य देश के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी। इस रिकॉर्ड के साथ उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल का पुराना कीर्तिमान तोड़ दिया।
सबसे ज्यादा उम्र में एशिया कप फिफ्टी
एक और कारनामा यह है कि वह 42 साल की उम्र पार करने के बाद किसी टेस्ट खेलने वाली टीम के खिलाफ टी20I अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं। यह उपलब्धि न केवल उनकी फिटनेस और अनुभव का प्रमाण है, बल्कि उनके खेल के प्रति समर्पण को भी दर्शाती है। एशिया कप के इतिहास में सबसे उम्रदराज बल्लेबाज के रूप में फिफ्टी जड़ने का कीर्तिमान भी उन्होंने अपने नाम किया है।












Click it and Unblock the Notifications