5 साल बाद Kane Williamson ने वनडे में जड़ा तूफानी शतक, कर ली इस दिग्गज की बराबरी
ODI tri-series Kane Williamson: चैंपियंस ट्रॉफी से पहले केन विलियमसन ने सोमवार को अपना 14वां वनडे शतक जड़ दिया है। विलियमसन ने पाकिस्तान में वनडे ट्राई सीरीज के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 305 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की अगुआई की। विलियमसन ने अपना शतक सिर्फ 72 गेंदों में पूरा किया, जो उनके करियर का दूसरा सबसे तेज वनडे शतक है।
विलियमसन ने कर ली दिग्गज की बराबरी (ODI tri-series Kane Williamson)
शतक के साथ विलियमसन ने सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में एबी डिविलियर्स की बराबरी कर ली। विलियमसन ने अपना 47वां शतक अपने 365वें मैच में लगाया। एबी डिविलियर्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 420 मैचों में 47 शतकों के साथ अपना करियर समाप्त किया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतकों के मामले में संयुक्त रूप से 14वें स्थान पर हैं, इस सूची में 100 शतकों के साथ सचिन तेंदुलकर पहले स्थान पर हैं।

विलियमसन ने खेली दमदार पारी
विलियमसन का यह शतक भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के 49वें अंतरराष्ट्रीय शतक के एक दिन बाद आया। बता दें कि रोहित शर्मा की शतक की बदौलत भारत ने कटक में खेले गए वनडे मैच में इंग्लैंड को हरा दिया था। विलियमसन शुरू से ही पूरी तरह नियंत्रण में दिखे। न्यूजीलैंड के विल यंग के 19 रन पर आउट होने के बाद वे डेवॉन कॉनवे के साथ उन्होंने पारी को आगे बढ़ाया।
दूसरे विकेट के लिए 187 रन की हुई साझेदारी
विलियमसन और कॉनवे ने दूसरे विकेट के लिए 187 रन जोड़े, लेकिन कॉनवे 97 रन पर आउट हो गए और शतक बनाने से चूक गए। विलियमसन ने अपने पैर का अच्छा इस्तेमाल किया और स्पिनरों और तेज गेंदबाजों दोनों के खिलाफ रन बनाने में कामयाबी हासिल की।
5 साल बाद जड़ा शतक
केन विलियमसन के वनडे करियर का ये 14वां शतक है जो 5 साल से ज्यादा समय के बाद आया है। आखिरी बार 5 साल 7 महीने पहले जून 2019 में केन विलियमसन ने शतक लगाया था। केन विलियमसन जैसे शानदार बल्लेबाज के लिए 5 साल से ज्यादा समय तक वनडे शतक ना लगाना हैरान करने वाली बात है। केन विलियमसन न्यूजीलैंड के लिए 167 वनडे मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 6974 रन निकले हैं।












Click it and Unblock the Notifications