NZ की 530 रन की पहाड़ जैसी पारी पर भारी पड़ा एक दोहरा शतक! वेस्टइंडीज के इस हीरो ने किया अनोखा करिश्मा
NZ vs WI Justin Greaves: न्यूज़ीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच क्राइस्टचर्च में खेला गया पहला टेस्ट मैच एक रोमांचक ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। लेकिन वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में जिस तरह की जुझारू क्षमता दिखाई, वह लंबे समय तक याद रखी जाएगी। ऐसा बहुत कम बार होता है कि कोई टीम 500 से अधिक रन बनाने के बाद भी मैच नहीं जीत पाई हो।
न्यूजीलैंड की जीत लग रही थी पक्की (NZ vs WI Justin Greaves)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूज़ीलैंड ने अपनी पहली पारी में 231 रन बनाए। केन विलियमसन (52) टीम के टॉप स्कोरर रहे। इसके जवाब में न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों ने वेस्ट इंडीज की पहली पारी को 167 रन पर ही समेट दिया। वेस्टइंडीज के लिए टैगेनारायण चंद्रपॉल (52) ने अर्धशतक जड़ा। इस समय ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड आसानी से इस मुकाबले को जीत जाएगी।

वेस्टइंडीज को मिला था 531 रन का असंभव सा लक्ष्य
न्यूज़ीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में वेस्टइंडीज पर पूरी तरह से शिकंजा कस दिया। टॉम लैथम (145) और युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र (176) ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज के आक्रमण को तहस-नहस कर दिया। इन दोनों की पारियों की बदौलत न्यूज़ीलैंड ने 466 रन की विशाल बढ़त बना ली, जिससे वेस्टइंडीज को जीत के लिए 531 रन का असंभव सा लक्ष्य मिला।
जस्टिन ग्रीव्स के दोहरे शतक ने बचाई लाज
चौथी पारी में 531 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद ख़राब रही। टीम का स्कोर जल्द ही 72 रन पर 4 विकेट हो गया, और ऐसा लगा कि न्यूज़ीलैंड आसानी से मैच जीत जाएगा। लेकिन यहीं से वेस्टइंडीज की टीम ने अविश्वसनीय वापसी की। शाई होप और जस्टिन ग्रीव्स ने मोर्चा संभाला।
शाई होप (140) ने अपना चौथा टेस्ट शतक जड़ते हुए एक छोर संभाला और पारी को स्थिरता दी। दूसरी तरफ़ जस्टिन ग्रीव्स (202)* ने न सिर्फ़ शानदार बल्लेबाज़ी की बल्कि एक ऐतिहासिक दोहरा शतक भी जड़ा। होप और ग्रीव्स ने मिलकर 196 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिसने वेस्ट इंडीज के खेमे में जीत की नहीं, बल्कि ड्रॉ की उम्मीद जगाई।
जब मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था, तब भी वेस्ट इंडीज के निचले क्रम के बल्लेबाज़ों ने हार नहीं मानी। केमार रोच (58)* ने भी 233 गेंदों का सामना करते हुए अपनी विकेट बचाई। वेस्टइंडीज ने चौथी पारी में कुल 163.3 ओवर तक बल्लेबाज़ी की और 6 विकेट के नुक़सान पर 457 रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications