NZ vs SA: विलियमसन का एक और शतक, नये खिलाड़ियों वाली अफ्रीकी टीम के सामने 528 की लीड
NZ vs SA 1st Test: न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका की हालत पतली कर दी है। न्यूजीलैंड इतिहास रचने और दक्षिण अफ्रीका एक बड़ी हार के करीब है। केन विलियमसन ने इस मुकाबले की दोनों पारियों में अपने बल्ले से तगड़ा वार करते हुए अफ्रीकी गेंदबाजों को चित कर दिया है।
पहली पारी में न्यूजीलैंड के 511 रनों के जवाब में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम महज 162 रन बनाकर आउट हो गई। अफ्रीकी टीम में नये खिलाड़ी ज्यादा हैं। सीनियर खिलाड़ी SA20 टूर्नामेंट खेलने में व्यस्त हैं। पहली पारी में केन विलियमसन ने शतक और रचिन रविन्द्र ने दोहरा शतक जड़ा था।

मैट हेनरी और मिचेल सैंटनर को 3-3 विकेट मिले। दूसरी बार खेलते हुए न्यूजीलैंड ने 4 विकेट पर 179 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। कीवी टीम ने मेहमान टीम को फॉलोऑन नहीं दिया। दूसरी पारी में फिर से केन विलियमसन का बल्ला चला और उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना 31वां सैकड़ा जमा दिया।
घरेलू सरजमीं पर विलियमसन का यह 18वां टेस्ट शतक है। वह 109 रन बनाकर आउट हुए। डॉन ब्रैडमैन और जो रूट ने भी अपने घर में इतने ही टेस्ट शतक जड़े हैं। इस मामले में महेला जयवर्धने, रिकी पोंटिंग और जैक्स कैलिस आगे हैं। सभी ने 23-23 शतक जड़े हैं।
सबसे तेज 31 शतकों के मामले में विलियमसन ने स्मिथ की बरबरी कर ली और संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए। सचिन तेंदुलकर आगे हैं, उन्होंने 165 पारियों में यह आंकड़ा हासिल किया था। एक ही मैच में दो शतक जमाने के मामले में विलियमसन पांचवें कीवी खिलाड़ी हैं। ग्लेन टर्नर, ज्योफ हॉवर्थ, एंड्रयू जोन्स और पीटर फुल्टन भी ऐसा कर चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका को न्यूजीलैंड ने एक बड़ा लक्ष्य देने की तरफ कदम बढाये हैं। तीसरे दिन न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 4 विकेट पर 179 रनों का स्कोर बनाया। कीवी टीम के पास अभी कुल 528 रनों की बढ़त है। चौथे दिन न्यूजीलैंड अपनी पारी घोषित कर अफ्रीका को बैटिंग करने के लिए बुला सकती है। रनों के लिहाज से कीवी टीम की सबसे बड़ी जीत 423 रनों की है। यह जीत श्रीलंका के खिलाफ 2018 में क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच के दौरान आई थी। इससे समझा जा सकता है कि न्यूजीलैंड अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ने की तरफ बढ़ रही है और एक नया इतिहास बन सकता है।












Click it and Unblock the Notifications