आंकड़े झूठ नहीं बोलते, दीप्ति शर्मा वर्ल्ड कप की सुपर वूमेन, 215 रन जड़कर झटके 22 विकेट
IND W vs SA W: भारत ने आखिरकार वो कर दिखाया जिसका इंतज़ार पूरे देश को था। 2 नवंबर 2025 को खेले गए महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत में हर खिलाड़ी का योगदान अहम रहा, लेकिन असली शोस्टॉपर रहीं दीप्ति शर्मा, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल करते हुए खुद को भारत की 'सुपरवूमन' साबित किया। उन्होंने प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीतकर तहलका मचा दिया।
बल्ले से किया धमाल
दीप्ति शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 9 मैचों में 30 के औसत से 215 रन बनाए, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल रहे। खास बात यह रही कि उनकी दो फिफ्टी सेमीफाइनल और फाइनल जैसे अहम मुकाबलों में आईं, जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी। उनके शांत स्वभाव और जिम्मेदारी भरी बल्लेबाज़ी ने भारत को कई बार मुश्किल हालात से बाहर निकाला।

गेंद से मचाई जोरदार तबाही
सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, गेंदबाजी में भी दीप्ति का जलवा देखने लायक रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 22 विकेट झटके। फाइनल मुकाबले में तो उन्होंने कमाल ही कर दिया और सिर्फ 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए, उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की पूरी बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। यह उनका टूर्नामेंट का बेस्ट बॉलिंग फिगर रहा, जिसने भारत को ट्रॉफी उठाने में मदद की।
पहली बार महिला टीम वर्ल्ड कप चैंपियन
भारत की यह जीत महिला क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में अगर किसी ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया, तो वो थीं दीप्ति शर्मा, जिन्होंने ऑलराउंड प्रदर्शन से इतिहास रच दिया। अन्य प्लेयर्स का भी अलग-अलग रोल रहा लेकिन दीप्ति ने अलग ही रंग जमा दिया, वह इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। वर्ल्ड कप के फाइनल में फिफ्टी जड़ने के बाद 5 विकेट लेने वाली दीप्ति पहली खिलाड़ी बन गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications